संवाददाता आगर मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
गेहूं उपार्जन की सभी तैयारियां दुरुस्त रखें- कलेक्टर श्रीमती यादव …..संकल्प से समाधान अभियान के लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा करें …..जनगणना कार्यों में लापरवाही न बरतें।
आगर मालवा: जिले में समर्थन मूल्य पर 10 अप्रैल से प्रारम्भ होने वाले गेहूं उपार्जन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने अधिकारियों को दिए। सोमवार को कलेक्ट्र्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि उपार्जन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि खरीदी के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी खरीदी केंद्रों पर तौल कांटा, वारदाना, हम्माल, तुलावटी सहित आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कृषकों से शासन के दिशा-निर्देशानुसार उपार्जन किया जाए तथा केंद्रों पर किसानों के लिए बैठने, छांव एवं ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था रहे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खरीदी के दौरान किसानों से मधुर व्यवहार रखा जाए और उनकी उपज का समय पर तौल सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में कलेक्टर ने राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बुकिंग के आधार पर निर्धारित दर पर ही एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए तथा घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। होटल एवं रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
संकल्प से समाधान अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान शिकायत निराकरण में कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में निराकरण करें। किसी भी विभाग की शिकायत नॉन-अटेंड न रहे, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। लंबे समय से लंबित शिकायतों का एक सप्ताह में शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
जनगणना-2027 कार्यां की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शासन निर्देशानुसार सभी कार्य समय पर पूर्ण करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई है, वे अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त करें। जनगणना कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को आई-गोट पोर्टल पर कम से कम 10 प्रशिक्षण पूर्ण करने तथा प्रतिदिन शाम 4 बजे तक गूगल शीट में प्रविष्टि करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत सेवाएं निर्धारित समय-सीमा में प्रदान करने पर जोर दिया तथा समय-सीमा का पालन न करने वाले अधिकारियों पर शास्ति अधिरोपित करने के निर्देश दिए। एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को निजी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पात्र बालिकाओं का टीकाकरण बढ़ाने और लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री आर.पी. वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, श्री सर्वेश यादव, श्री प्रेम नारायण परमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







