संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा का महाआक्रोश, राहुल-अखिलेश का पुतला दहन।
कन्नौज /छिबरामऊ : नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्ष के विरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। तालग्राम रोड स्थित स्टार कोल्ड स्टोर के पास विधायक अर्चना पाण्डेय व भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरम रहा।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक अर्चना पाण्डेय ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है, लेकिन विपक्षी दल संकीर्ण सोच के कारण इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बिल देश की आधी आबादी के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि भाजपा हमेशा से नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के हितों के प्रति गंभीर नहीं है और जनता अब उनके वास्तविक चेहरे को पहचान चुकी है।
कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।







