संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मिशन शक्ति अभियान के तहत कन्नौज में महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
कन्नौजः जनपद में “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा जन चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीमों ने गांव, कस्बों, मोहल्लों, बाजारों और प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के बारे में जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का बेझिझक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। यह अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।







