संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
समाधान दिवस में उमड़ा जनविश्वास, डीएम-एसपी ने सुनी फरियादें।
कन्नौज: जनपद कन्नौज के थाना तिर्वा परिसर में आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक प्रार्थना पत्र का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का शीघ्र, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।
थाना समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम ने प्रशासन और जनता के बीच भरोसे को और मजबूत किया।





