संवाददाता आगर-मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
जिला न्यायालय परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आगर-मालवा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित नालसा आशा योजना 2025 के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगर-मालवा एवं अहिंसा वेलफेयर सोसायटी, आगर-मालवा के संयुक्त तत्वावधान में 15 मई को जिला न्यायालय परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगर-मालवा श्री डी.एस. चौहान, प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री नीतिराज सिंह सिसौदिया तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अश्विनी सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश श्री डी.एस. चौहान ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह की रोकथाम हेतु सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी प्रयास किए जाने चाहिए। वहीं प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री नीतिराज सिंह सिसौदिया ने आगर-मालवा क्षेत्र में बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती अश्विनी सिंह द्वारा नालसा आशा (जागरूकता, समर्थन, सहायता एवं कार्रवाई) मानक संचालन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम में आने वाली समस्याओं एवं सुझावों पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों, पैनल अधिवक्ताओं तथा पैरा लीगल वालेंटियर्स के साथ चर्चा भी की गई।
कार्यशाला में अहिंसा वेलफेयर सोसायटी, आगर-मालवा के प्रोजेक्ट मैनेजर श्री नरेंद्र व्यास द्वारा बाल अधिकार एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम विषय पर पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी द्वारा किया गया।
कार्यशाला में जिला आशा यूनिट के सदस्यगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अहिंसा वेलफेयर सोसायटी के जिला समन्वयक श्री रविन्द्र जाट, सदस्य पायल सूर्यवंशी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।






