संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने रिजर्व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों को कराया शस्त्र अभ्यास।
कन्नौज: एसपी विनोद कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन कन्नौज में आयोजित साप्ताहिक परेड अनुशासन, फिटनेस और कार्यकुशलता का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आई। पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी लेकर जवानों की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
परेड ग्राउंड में पुलिसकर्मियों को दौड़ लगवाकर फिटनेस के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही टोलीवार ड्रिल कराकर अनुशासन और एकरूपता को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने ड्रिल के प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए प्रभारी पुलिस लाइन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि परेड और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से संपादित की जा सके।
इस दौरान पुलिस बल से शस्त्र अभ्यास भी कराया गया, जिससे जवानों की दक्षता और आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूती मिल सके। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्ड में सलामी ली तथा स्टोर रूम, भोजनालय, परिवहन शाखा, कंट्रोल रूम, आरओआईपी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम एवं यूपी-112 कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कार्यप्रणाली में सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी बनाए रखने पर बल दिया। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






