संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, देहरादून)
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कन्नौज: “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत जनपद कन्नौज में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने गांव, कस्बों, बाजारों, चौराहों एवं धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा आत्मरक्षा के प्रति जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए तथा किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।






