सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
‘हमारा जीवन एक बगीचा है, हर भोर इसमें खुशियों के फूल खिलाते रहें’
-सुश्री सरोज कंसारी
खुशियाँ अपने आप नहीं आतीं, जैसे बगीचे को रोज़ पानी देना पड़ता है, वैसे ही हमें हर सुबह खुद को सकारात्मक विचारों से सींचना पड़ता है।
————————————————————
हमारा जीवन एक बगीचे की तरह है, जिसे हम अपने विचारों रूपी देखभाल से सुखद या दुखद बनाते हैं। आप अपने जीवन के अच्छे माली आप स्वयं बनकर रहते हैं। अच्छे विचारों से स्वयं को रोज सींचते रहिए। जीवन के अगले मोड़ पर क्या होगा, यह कोई नहीं जानता। इसलिए अति सोच हानिकारक ही साबित होती है। जीवन का हर पड़ाव महत्वपूर्ण है। सपने और योजनाएं सबके पास होती हैं। शौक रखना गलत नहीं, पर जीवन का हर लम्हा सुखद हो, यह जरूरी नहीं। कई बार मन के विपरीत भी काम करने पड़ते हैं।
आधुनिक जीवन चुनौतियों से भरा है। इसमें अंतर्द्वंद्व भी बहुत हैं। जो लोग क्षमता विकसित कर लेते हैं और हर परिस्थिति में मजबूत बने रहते हैं, वे अनावश्यक तनाव से बच जाते हैं। कमजोर मानसिकता वाले लोग जल्दी असहज हो जाते हैं। कोई भी परेशानी स्थायी नहीं होती। समय के साथ बुरे हालात भी बदलते हैं और खुशियों का आशियाना जरूर मिलता है। एक ही परेशानी को लेकर जीवन भर जीना कुंठित मानसिकता की निशानी है।
बिना लक्ष्य के जीने से भावनाएं शून्य हो जाती हैं। पर लक्ष्य सिर्फ धन-दौलत या शोहरत पाना ही नहीं है। मानव होना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसे स्वस्थ, व्यस्त और नियंत्रित कैसे रखें, इस पर चिंतन जरूरी है। हर पल सिर्फ अपने स्वार्थ, परिवार और खुशियों की कल्पना करना महानता नहीं। ये तो आपकी मूल जिम्मेदारी है। जिंदगी केवल कोरी कल्पना में नहीं बीतती। वह तो मन को बहलाने की उम्मीद मात्र है। वास्तविकता कुछ और है। इस धरा पर हम सिर्फ खाने-पीने और खुशियां बटोरने नहीं आए। इंसान की क्षमता का अंदाज लगाना मुश्किल है। जितनी परेशानी है, उससे कहीं अधिक ऊर्जा उससे लड़ने की हमारे पास है।
अपने अस्तित्व को जिंदा रखने का सबसे सुंदर मार्ग है…दिल की धड़कन को महसूस करें और सीमित सोच से बाहर निकलें। जैसे-जैसे मुसीबतों का सामना करेंगे, खुद को मजबूत पाएंगे। डरकर बैठे रहेंगे तो न सीखेंगे, न अनुभव मिलेगा। इंसान अपने ही बनाए ख्वाबों के जाल में फंस जाता है। जो करना है उसे भूलकर, असंबंधित चीजों के बारे में सोचकर रोमांचित होता है। हकीकत ही जीवन को नया मोड़ देती है। भले ही राह में चट्टान, तूफान, दर्द और बाधाएं आएं, हिम्मत से आगे बढ़ने वालों को शिकवे-शिकायत का समय नहीं मिलता।
सिर्फ दुखी रहने से समस्याएं हल नहीं होतीं। जीवनशैली और सोच बदलकर हम दुख के बंधन से बच सकते हैं। आज हर कोई किसी न किसी स्तर पर अवसाद से घिरा है। यह धीरे-धीरे मस्तिष्क को कमजोर बना देता है। अवसाद में विकल्प नहीं बचते। इसलिए दिल और दिमाग को सकारात्मक रखिए। अवसाद मन की दुर्बल स्थिति है। जब हम किसी दुखद घटना के बारे में चौबीस घंटे सोचते हैं, तो नकारात्मकता से निकल नहीं पाते। उदासी का आवरण चढ़ जाता है। उत्सव, खुशियों का माहौल अच्छा नहीं लगता। जरा सी परेशानी पहाड़ लगती है। समय रहते इससे न निकले तो परिणाम भयंकर होते हैं।
याद रखिए, अपने जीवन के माली आप स्वयं हैं। इसलिए इसकी देखभाल की जिम्मेदारी पूरे मन से लें। खुद को प्रेम से सींचें। अच्छे विचारों के फूल खिलाने के लिए सद्भाव, दया, करुणा, सहयोग और क्षमा के भाव रखें। हर सुबह नई उम्मीद के साथ उठें। संकल्प लें कि अप्रिय बातों को मन में जमा नहीं होने देंगे। अपनी खुशियों को सिर्फ अपने तक सीमित न रखें। समाज, परिवार, मित्र और राष्ट्र से खुद को जोड़ें। जिस दिन श्रेष्ठ विचारों को अपनाने की प्रवृत्ति विकसित हो जाएगी, आप हर गम से ऊपर होंगे।
हीनभाव से ग्रसित न हों। जिसे आप नहीं सुलझा सकते, उसे करीबी लोगों से स्पष्ट कह दें। हर कड़वाहट को दफन करके जीवन को कब्रिस्तान मत बनाइए। एक समस्या के कई समाधान होते हैं। खुश रहने के लिए खुशियाँ बांटना आवश्यक है। परिवार के बीच आत्मीय संवाद करें। हर दिन नई समस्याएं जन्म लेती हैं, मनमुटाव होते हैं और सुलझ भी जाते हैं। पर भावुक लोग छोटी बात पर सोचते रहते हैं।
जीवन को सामान्य नहीं, सुन्दर बना लें। परिवार में सामंजस्य और संतुलन रखें। अति व्यस्त होने की बजाय मनोरंजन और व्यक्तित्व विकास के लिए समय निकालिए। परिचय का दायरा बढ़ाइए। छोटी-छोटी बातों की गांठ बांधने की आदत पीड़ादायक होती है। ये घुटन भरी जिंदगी जीने की बजाय खुले विचारों के धनी बनकर रहा करें। जो है, उसे स्पष्ट कह दीजिए। मन में भरकर मत रखिए। स्वस्थ विचारधारा को प्रवाहित होने दीजिए। हर समय एकांत में रहने की आदत न डालें। भीड़ का सामना करने की हिम्मत रखें।
“मैं नहीं कर सकता!” यह बात मन से निकाल दें। असंभव कुछ भी नहीं। जीवन में नवीनता लाते रहें। सीखने और करने के लिए उत्साहित रहें। आर्थिक, धार्मिक, बौद्धिक या मित्र मंडली से जुड़े रहें। गतिविधियों में भाग लें। विचारों का आदान-प्रदान करें। अति हर दृष्टि से नुकसान देती है, चाहे वह कार्य हो, ख्वाहिश हो, सोच हो या विवाद। संतुलित और व्यवस्थित जीवन के लिए प्रयास हमें खुद करना पड़ता है। जीवन हमारा है, तो इसे स्वस्थ और सुखी रखना भी हमारी ही जिम्मेदारी है।
युवावस्था बचपन और बुढ़ापे के बीच की कड़ी है। सबकी उम्मीदें युवाओं से ही बंधी होती हैं। वे सहारे के रूप में होते हैं। इसलिए युवावर्ग संयमित और मर्यादित जीवन जिए। उन पर बड़ी जिम्मेदारी है। अगर वे अवसाद में डूब गए तो उन पर आश्रित वर्ग भी कमजोर हो जाएगा। इसलिए पर्याप्त नींद लें। झुंझलाहट से बचें। सुबह जल्दी उठें। मेहनती बनें। आमदनी कम हो तो भी सही राह पर चलें। मानसिक तनाव न लें। सिर्फ अपने कार्य पर ध्यान दें। परिस्थिति देखकर शौक पालें। अमीर बनने के चक्कर में वर्तमान को न भूलें। व्यस्त रहें और हुनर बढ़ाते रहें। नकारात्मक बातों से दूर रहें। मंजिल जरूर मिलेगी। बस निराशा में न डूबें।
कभी-कभी लगातार संघर्ष और विपरीत माहौल से तनाव आ जाता है। मन में नफरत, क्रोध, डर, ईर्ष्या रखने से भी मानसिकता दूषित होती है। गहरा अवसाद होने पर ठीक होना मुश्किल हो जाता है। इसलिए सहज रहने की कोशिश कीजिए। जहां तक हो शांत रहें। मनुष्य-मन एक मरुस्थल भी है और एक उपजाऊ भूमि भी। किसी भी काम को बोझ न समझें। मनुष्य के रूप में हर परिस्थिति का सामना करना ही पड़ता है। दुखी न हों, खुश रहें और सभी को खुश रखने का प्रयास करें। यही जीवन है।
ये जीवन तो एक बार मिलता है। इसे शिकायतों, भय और नकारात्मकता में गंवाना समझदारी नहीं है। हर भोर एक नया मौका लेकर आती है। मौका स्वयं को बेहतर बनाने का, औरों के काम आने का, और छोटी-छोटी खुशियों को जीने का। इसलिए आज से ही अपने मन के माली बन जाइए। अच्छे विचार बोइए, मेहनत का पानी दें और धैर्य रखें।
———————————————————-







