संवाददाता कानड़ः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
गंगा दशहरा पर निकली भव्य कलश यात्रा, प्राचीन जल स्रोत कुंए का किया पूजन।
कानड़ः गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नगर विकास प्रस्फुटन समिति के तत्वावधान में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर में भव्य गंगा कलश यात्रा एवं जल स्रोत पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर जल संरक्षण और प्राचीन जल स्रोतों के संवर्धन का संदेश दिया।
कलश यात्रा का शुभारंभ वार्ड पार्षद मांगूबाई आर्य के निवास से हुआ। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ नगर के विभिन्न वार्डों से होती हुई माता जी रोड स्थित मां बिजासन मंदिर पहुंचीं। यात्रा के दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिए गए।
मां बिजासन मंदिर परिसर के समीप स्थित अति प्राचीन कुएं पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने अपने साथ लाए कलशों का जल प्राचीन कुएं में अर्पित कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस दौरान “गंगा मैया की जय” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मंगल गीत भी गाए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता आशीष शर्मा “मधुर” ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि समाज को जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि हमें पुराने जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और उनके संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास करने होंगे, क्योंकि आज की सोच ही कल का भविष्य तय करती है। शर्मा ने देश की प्रमुख नदियों के उद्गम स्थलों का उल्लेख करते हुए उनके धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डाला तथा जल संसाधनों के संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जल बचाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा कुओं, बावड़ियों और तालाबों जैसे पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित रखने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक देवेंद्र शर्मा, मीणा स्वर्णकार, सामाजिक कार्यकर्ता दारा सिंह आर्य, श्याम पाटीदार, नरेंद्र गौड़ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे।
एक नजर में
गंगा दशहरा पर निकली भव्य गंगा कलश यात्रा
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत हुआ आयोजन
मां बिजासन मंदिर स्थित प्राचीन कुएं का किया पूजन
जल संरक्षण एवं प्राचीन जल स्रोतों के संवर्धन का दिया संदेश
महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही
जल बचाने और पुराने जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने का लिया संकल्प। इसी प्रकार गांव मानकपुर, आक्या भाटी, चकबड़ाबीड़, रायपुरिया में भी महिलाओं ने ग्राम विकास समिति के द्वारा कलश यात्रा निकाली गई।







