प्रभारी सम्पादक भोपालः राजेन्द्र सिंह जादौन
(नया अध्याय, देहरादून)
“परिजात पत्रकार और मौसम विभाग”
पत्रकारिता भी अब अजीब ऋतुचक्र में प्रवेश कर चुकी है। पहले देश में गर्मी, बारिश, सर्दी और बसंत आती थी, अब इनके अतिरिक्त “चुनावी मौसम”, “ट्रांसफर मौसम”, “ईडी मौसम”, “विज्ञापन मौसम” और “गोदी बसंत” भी आने लगे हैं।
पत्रकार मित्रों की हालत भी अब किसी वनस्पति विज्ञान के शोध विषय जैसी हो चुकी है। कौन पत्रकार किस मौसम में खिलेगा और किस मौसम में मुरझा जाएगा, यह अब भारतीय मौसम विभाग भी नहीं बता सकता।
कभी जो पत्रकारिता सत्य की तपती धरा पर हरसिंगार की तरह झरती थी, आज वही पत्रकारिता वातानुकूलित स्टूडियो में प्लास्टिक के फूलों की तरह सजाई जा रही है।
सुगंध कम, स्पॉन्सर अधिक है। आजकल पत्रकार दो प्रकार के पाए जाते हैं पहले वे जो सच लिखते हैं, दूसरे वे जो सच लिखने वालों पर डिबेट करते हैं।
पहले प्रकार के पत्रकार दुर्लभ प्रजाति घोषित किए जा चुके हैं। सरकार यदि चाहे तो इन्हें “राष्ट्रीय खोजी जीव संरक्षण अधिनियम” के अंतर्गत संरक्षित कर सकती है। जंगल में बाघ कम नहीं हुए जितने खोजी पत्रकार कम हुए हैं।
अब तो हालत यह है कि यदि कोई पत्रकार सच बोल दे, तो लोग उसे पत्रकार कम और विपक्ष का रिश्तेदार अधिक समझते हैं।
और यदि कोई पत्रकार प्रतिदिन सरकार की प्रशंसा करे, तो जनता उसे पत्रकार नहीं बल्कि “राष्ट्रीय भजन मंडली का स्थायी सदस्य” मानने लगती है।
पत्रकारिता में भी अब पुष्पों की अनेक प्रजातियाँ विकसित हो चुकी हैं।
एक होते हैं “गुलदस्ता पत्रकार”।
इनका मुख्य कार्य नेताओं के जन्मदिन पर इतना बड़ा बुके देना होता है कि नेता जी स्वयं उसमें खो जाएँ।
ये समाचार कम और शुभकामनाएँ अधिक लिखते हैं। दूसरे होते हैं “मौसमी पत्रकार”। ये केवल चुनाव के समय खिलते हैं।
जैसे खेत में मेढ़क बारिश के समय टर्राते हैं, वैसे ही ये पत्रकार चुनाव के समय स्टूडियो में प्रकट होते हैं। बाकी पाँच वर्ष इनका पता नहीं चलता।
तीसरे होते हैं “हरसिंगार पत्रकार”।
ये रात में खिलते हैं और सुबह तक झर जाते हैं। इनकी खबरें इतनी संवेदनशील होती हैं कि सुबह तक चैनल वाले ही उन्हें हटाकर कहते हैं “तकनीकी कारणों से समाचार उपलब्ध नहीं है।”
चौथी श्रेणी सबसे अद्भुत है “परिजात पत्रकार”। ये हर मौसम में नहीं खिलते।
इनके लिए साहस, सत्य और आत्मा की नमी चाहिए होती है।
ये पत्रकार सत्ता के दरबार में कम और जनता की धूल भरी गलियों में अधिक मिलते हैं। इनके पास बड़ी गाड़ी नहीं होती, पर बड़ा हृदय अवश्य होता है।
ऐसे पत्रकार जब कोई खोजी लेख लिखते हैं तो प्रशासन में वैसी बेचैनी फैलती है जैसी गर्मी में बिजली विभाग में फैलती है।
अधिकारी तुरंत बैठक बुलाते हैं। फाइलें खुलती हैं। चाय आती है। और अंत में निष्कर्ष निकलता है “इस पत्रकार की मंशा संदिग्ध है।”
हमारे देश में भ्रष्टाचार पकड़ा जाए या न पकड़ा जाए, लेकिन पत्रकार की मंशा अवश्य पकड़ ली जाती है।
यदि पत्रकार गरीब हो तो कहा जाएगा “फ्रस्ट्रेटेड है।” यदि पत्रकार अमीर हो जाए तो कहा जाएगा “सेटिंग कर ली होगी।”
यदि पत्रकार निष्पक्ष रहे तो दोनों पक्ष उसे गाली देंगे। और यदि किसी एक पक्ष में चला जाए तो वही पक्ष उसे राष्ट्रवादी घोषित कर देगा।
पत्रकारिता का सबसे बड़ा दुर्भाग्य यह नहीं कि सत्ता नाराज़ हो जाती है।
दुर्भाग्य यह है कि अब जनता भी सत्य से अधिक मनोरंजन चाहती है।
उसे खबर नहीं चाहिए,
“ब्रेकिंग” चाहिए।
उसे तथ्य नहीं चाहिए,
“तू-तू मैं-मैं” चाहिए।
अब एंकर समाचार कम और पहलवानी अधिक करते हैं। ऐसा लगता है जैसे चैनल नहीं, अखाड़ा चल रहा हो।
एक एंकर चिल्लाता है “बताइए! बताइए! जवाब दीजिए!” और बेचारा अतिथि सोचता रह जाता है कि आया था चर्चा करने, यहाँ तो मौखिक कुश्ती हो रही है।
पहले पत्रकार सरकार से प्रश्न पूछता था।
अब पत्रकार दर्शकों से पूछता है “आपको हमारा राष्ट्रवादी पैकेज कैसा लगा?”
पत्रकारिता में अब सत्य का मूल्य कम और टीआरपी का मूल्य अधिक है। जिस समाचार में आँसू, चीख, आग, विवाद और राष्ट्रवाद का मसाला न हो, उसे अब “लो इंटरेस्ट कंटेंट” कहा जाता है।
एक वरिष्ठ पत्रकार ने तो नया सिद्धांत दिया है “समाचार वही जो वायरल हो जाए।”
अब कौन समझाए कि वायरल तो बुखार भी होता है। पत्रकारिता कभी समाज का दर्पण कहलाती थी।
अब वह फ़िल्टर वाला मोबाइल कैमरा बनती जा रही है। चेहरे पर दाग हों तो भी स्क्रीन पर चमक ही दिखाई देती है। लेकिन इन सबके बीच आज भी कहीं-कहीं कोई परिजात पत्रकार बचा हुआ है।
वह रात भर जागकर खबर लिखता है।
उसके पास बड़ी तनख्वाह नहीं, पर आत्मसम्मान होता है। वह विज्ञापनदाता के फोन से डरता नहीं। वह मंत्री के पीए को “सर” कहकर आत्मा नहीं बेचता।
ऐसे पत्रकार कम हैं,
पर जब भी खिलते हैं,
समाज सुगंधित हो उठता है।
ठीक हरसिंगार की तरह।
सुबह लोग उनके झरे हुए शब्द उठाते हैं,
उन्हें पढ़ते हैं, और कुछ देर के लिए ही सही उन्हें विश्वास हो जाता है कि पत्रकारिता अभी मरी नहीं है।
हाँ, घायल अवश्य है।
और शायद इसी उम्मीद पर यह लोकतंत्र अब तक जीवित है कि किसी रात फिर कोई परिजात खिलेगा…
कोई पत्रकार फिर सच लिखेगा…और कोई आम आदमी उसे पढ़कर कहेगा “चलो, अभी पूरी अंधेरी रात नहीं हुई…”॥







