संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

सावरकर जयंती पर युवा कार्यक्रम आयोजित, राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प।
कन्नौज: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत कन्नौज द्वारा विनायक दामोदर सावरकर की 143वीं जयंती पर इंदरगढ़ स्थित राज गेस्ट हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को सावरकर के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और राष्ट्रवादी विचारों से अवगत कराया गया।
इस दौरान क्विज प्रतियोगिता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में आदर्श ने प्रथम, अन्या ने द्वितीय और अभिनव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति और राष्ट्र सेवा से जुड़ी प्रस्तुतियां भी दीं।
जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी ने कहा कि सावरकर का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य शिल्पी भारती मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं इंदरगढ़ थाना प्रभारी नीलम सिंह, उधमपुर प्रधान प्रतिनिधि तब्बू त्रिपाठी और पूरा राय ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि लिटिल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के संचालन में मो. मुनब्बर का सहयोग रहा। मेरा युवा भारत युवा मंडल की सदस्य अनुभा, प्रियांशी और अंजलि ने व्यवस्थाओं को संभाला। अंत में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता का संकल्प लिया।






