संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नई किरण केंद्र की पहल से टूटने से बचे तीन परिवार, दंपतियों ने भुलाए मतभेद।
कन्नौज: पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में संचालित परिवार परामर्श केंद्र (नई किरण) परिवारिक विवादों के समाधान में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सोमवार को केंद्र में आयोजित सुनवाई के दौरान परिवारिक मतभेदों से जुड़े मामलों पर दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी संवाद और मध्यस्थता के माध्यम से समाधान का प्रयास किया गया।
परामर्श केंद्र की टीम ने सौहार्दपूर्ण माहौल में पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को सुलझाने का प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप तीन परिवारों को टूटने से बचाया जा सका। दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर साथ रहने की सहमति जताई और खुशी-खुशी अपने घर लौट गए।
परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य केवल विवादों का निस्तारण करना ही नहीं, बल्कि रिश्तों में विश्वास, संवाद और सामंजस्य को पुनर्स्थापित करना भी है। केंद्र की इस पहल से अब तक अनेक परिवार पुनः एकजुट हो चुके हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द को भी मजबूती मिल रही है।







