“नफरत मिटे, एकता जगे, संघर्ष रुके और करुणा स्थिर हो”

Spread the love

 

सुश्री सरोज कंसारी

लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका

अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,

नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)

 

 

              (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

 

 

                           आलेख:

 

 “नफरत मिटे, एकता जगे, संघर्ष रुके और करुणा स्थिर हो”

— सुश्री सरोज कंसारी 

==================================

 

हृदयों से सब नफरत दूर हो जाए,

मानवता और एकता जग जाए।

न हो कोई संघर्ष आपस में कभी,

हर हृदय में दया की दृष्टि बनी रहे।

 

यह केवल भावना नहीं, चेतना का जागरण है। जब द्वेष का अंधकार हटता है तभी अंतरात्मा में मैत्री का प्रकाश उतरता है। करुणा का बीज हर हृदय में सुप्त है, उसे सींचने का जल हमारे अपने संकल्प में छिपा है। दुर्व्यवहार किसी को अच्छा नहीं लगता, क्योंकि हर आत्मा प्रेम और अपनत्व की भूखी होती है। जीवन की कई परेशानियाँ हल हो सकती हैं अगर हम दिल से सुनें, समझें और व्यवहार करें। मानसिक थकान का एक बड़ा कारण लगातार संघर्षरत रहना है। जब मन विभिन्न समस्याओं के बोझ से दब जाता है, तो उसे केवल शारीरिक नहीं, मानसिक विश्राम की भी आवश्यकता होती है। विश्राम न मिलने पर चिड़चिड़ाहट, घबराहट और अनावश्यक क्रोध जन्म लेते हैं, क्योंकि उस समय हमारा मस्तिष्क बोझिल होता है।

 

कार्यक्षेत्र में व्यस्त रहने के कारण हमें अनेक प्रकार के लोगों से मिलना पड़ता है। हर अनुभव सुखद नहीं होता, और अक्सर कोई न कोई बात मन को व्यथित कर देती है। जब रोज़ की जीवनशैली एक जैसी हो और मानसिक संतुलन डगमगा जाए, तो जीवन नीरस लगने लगता है। ऐसे समय में हर व्यक्ति को शांति, सद्व्यवहार, स्नेह और सच्चे प्रेम की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।

 

हर मनुष्य को एक सुखद वातावरण मिलना चाहिए। जहाँ कलह, ताने और परायेपन का अहसास हो, वहाँ साँस लेना भी कठिन हो जाता है। घर-परिवार सपनों का संसार होता है—यहीं हम स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हैं, यहीं से दुनिया को समझते, सीखते और अनुकरण करते हैं। यहीं से हम भविष्य निर्माण के लिए संस्कार, मर्यादा और संयम ग्रहण करते हैं। इसलिए सोचिए, यदि परिवार का माहौल ही दूषित हो जाए तो भटकाव निश्चित है। आज गृहकलह तनाव का प्रमुख कारण बन गई है।

 

जब घर से निकलते समय मन किसी अनबन या विवाद के कारण अशांत हो, तो बाहर की जिम्मेदारी हम ठीक से कैसे निभा पाएंगे? ध्यान बँटा रहता है, भीतर हलचल मची रहती है—मानो एक आंतरिक युद्ध चल रहा हो। इसलिए आज के समय में परिवार में शांति बनाए रखना सबसे बड़ी आवश्यकता है।

 

दिनभर की थकान के बाद मनुष्य घर आकर शांत वातावरण, मीठे बोल और अपनों की आँखों में प्रेम देखना चाहता है। लेकिन जीवन निर्वाह की आपाधापी में हम एक-दूसरे को समझने, सांत्वना देने और मनोबल बढ़ाने में कई बार चूक जाते हैं। सच तो यह है कि तन की पीड़ा से अधिक मन की व्यथा हमें व्याकुल करती है। जब अपनों से उम्मीद टूटती है, या दुर्व्यवहार मिलता है, तो अंतर्मन गहरे तक आहत होता है।

 

सुकून का संबंध अमीरी से नहीं होता। गरीबी में पलते हुए भी अगर परिवार में सच्चा प्रेम हो, तो घर स्वर्ग बन जाता है। जो परिवारजन रोजी-रोटी के लिए दिनभर बाहर रहते हैं, वे घर लौटने पर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं, साथ बैठकर भोजन करते हैं, एक-दूसरे की परवाह करते हैं, सलाह लेते हैं और समस्या का समाधान मिलकर ढूँढते हैं। जहाँ चीख-चिल्लाहट नहीं, सम्मान है, शिकायत नहीं, झगड़े नहीं—गलती को स्वीकार करने का साहस है—वह घर भले ही धन से छोटा हो, पर वह एक मंदिर है। वहाँ अनावश्यक शोर नहीं, केवल जरूरत ही नहीं, एक-दूसरे को जरूरी समझने का भाव होता है।

 

जब हम दिल से बात करते हैं, तो दूसरे के अंतर्मन को स्पर्श करते हैं। जब हम किसी दुखी व्यक्ति से आत्मीयता से बात कहते हैं, तो वह ध्यान से सुनता है, हमारी बात समझने का प्रयास करता है, और उसमें विश्वास बढ़ता है। बिना स्वार्थ के जब हम किसी को यह अहसास दिलाते हैं कि हम उसके साथ हैं, उसकी समस्या में सहयोग करेंगे, तो लगाव जन्म लेता है—जो दिखावे के लिए नहीं, निभाने के लिए होता है। दिखावटी व्यवहार कितना भी सजाकर कहें, सामने वाला समझ ही जाता है।

 

इसलिए किसी के साथ रहें तो छल न करें। यदि एक बार आप किसी के दिल में बस गए, तो आपकी सुंदर छवि बन जाती है। लेकिन यदि षड्यंत्र किया, तो आप सदा के लिए उसकी नज़र से उतर जाते हैं। लेन-देन बाजार और दुकान में करें। याद रखिए, रिश्तों में व्यापार करना हमेशा घाटे का सौदा होता है। रहना है तो किसी की यादों में, आँखों में और भावनाओं में रहिए। अपने अच्छे व्यक्तित्व से हर किसी को प्रेरणा दीजिए।

 

कोई भी व्यक्ति चाहे कितना भी भटका हुआ क्यों न हो, प्रेम की जीत हमेशा होती है। इसलिए किसी की भावनाओं से खिलवाड़ न करें। छोटे-बड़े, हर किसी से ऐसे मिलें कि वह मुलाकात यादगार बन जाए। जीवन के हर लम्हे की अपनी कीमत है—एक दिन हम बिछड़ जाएंगे, लेकिन पीछे कुछ कहानी छोड़ जाएंगे, जिसे पढ़कर आने वाली पीढ़ी को नया मार्ग मिलेगा।

 

आज रिश्तों को मजबूत बनाने की जरूरत है। हमें तोड़ने वाले नहीं, जोड़ने वाले बनना है। दौलत से अधिक रिश्तों को संजोकर रखिए। उन्हें बिखरने का कारण मत दीजिए। ऐसा माहौल बनाइए कि कोई चाहकर भी दूर न जा सके। दिल से किया गया हर प्रयास सफल होता है, क्योंकि उसमें मानवीय भाव और सकारात्मक सोच होती है।

 

दिल और दिमाग—ये दो ही जीवन की गतिविधियाँ संचालित करते हैं। जब हम दिल से काम करते हैं, तो उसमें प्रेम का भाव होता है। दिल नाजुक होता है, इसलिए कोई भी कदम उठाने से पहले वह सोचता है कि इसका प्रभाव क्या पड़ेगा। जल्दबाजी और क्रोध में किया गया काम कभी सफल नहीं होता।

 

दुर्व्यवहार किसी को प्रिय नहीं। हर आत्मा प्रेम की भूखी है। नफरत पाकर जीवन गुमसुम हो जाता है, पर प्रेम जीवन के लिए अनिवार्य है। किसी को भी दुख देने का अधिकार किसी को नहीं। बस एक बार महसूस करके देखिए—जब हमें दुर्व्यवहार मिलता है तो मन कितना दुखता है। यदि हम अपने लिए जैसा सोचते हैं, वैसा ही दूसरों के लिए सोचें, तो जीवन कितना सुंदर हो जाए।

 

बाहर की दुनिया में जाने से पहले उन लोगों की ओर भी नज़र डालिए जो सुबह से रात तक हमारे साथ रहते हैं, पर जिन्हें हम महसूस ही नहीं कर पाते। खून के रिश्तों के प्रति भी हम इतने लापरवाह हो गए हैं कि एक-दूसरे की तकलीफ से अनजान रहते हैं। जो रिश्ते निभा रहे हैं, उन्हें ही चोट मिल रही है।

 

जिनके लिए हम दौड़ रहे हैं, वे अपनी दुनिया में मस्त हैं। सुख की कल्पना तो हर कोई करता है, पर सबसे जरूरी क्या है—यह भूलकर हम भौतिकता और भोग-विलास की दौड़ में लग जाते हैं। नफरत की एक बूंद भी जीवन को नर्क बना देती है। आपसी मनमुटाव के कारण आज हर मन दुखी है, अंदर से तन्हा और अकेला। घुटन भरी जिंदगी जीते हैं, क्योंकि आपस में प्रेम का भाव नहीं। पर याद रखिए, प्रेम की एक बूंद ही जीवन में उत्साह घोलने के लिए पर्याप्त है।

 

जब हम किसी से शुद्ध, सात्विक और स्नेहपूर्वक बात करते हैं, तो वह बात में रुचि लेता है, उसे याद रखता है, भूलता नहीं। आज हम कई बार पाश्चात्य का अंधानुकरण करते हुए अपनी अच्छी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं। सही-गलत पर सोचने का समय नहीं, केवल दिखावे को महत्व देते हैं। पर जब कोई हमें सुनने को उत्सुक होता है, तो इसका कारण हमारी शालीनता, सादगी और सच्चा व्यक्तित्व होता है। इसलिए बनावटी बात न करें। दिल से निकली आवाज में एक अलग आकर्षण होता है।

 

कई बार हम जो सोचते हैं, वह किसी कारणवश पूरा नहीं हो पाता। सपने टूट भी जाते हैं, और जो काम मन से नहीं, उसे भी करना पड़ता है। जीवन एक समझौता है, पर उस काम को भी पूरी मेहनत, लगन और एकाग्रता से करना चाहिए। जो मिला है, उसे अपना फर्ज समझकर बेहतर बनाइए। निराश होकर किया गया कोई भी काम सही नहीं होता। इसलिए दिल छोटा न करें। जीवन में मिली हर चीज का स्वागत करें। अपने भीतर ज्ञान और कौशल के गुण विकसित करें और उनका सदुपयोग करें। अच्छे कामों में व्यस्त रहिए, बेवजह की बातों में दिमाग न लगाइए। बस दिल से काम लीजिए—स्वस्थ रहिए, आनंदित रहिए। सद्भावना, प्रेम वो दीपक है जो बाँटने से बुझता नहीं, बढ़ता है। आज तुम जितना उजाला दूसरों को दोगे, कल वही उजाला तुम्हारे अंधेरे को मिटाने आएगा।

 

 =====================

 

 

  • Related Posts

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    Spread the love

    Spread the love  सुश्री सरोज कंसारी                                              लेखिका एवं…

    नज्म

    Spread the love

    Spread the love    राजेन्द्र रंजन गायकवाड                                               (सेवा…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    • By User
    • November 9, 2026
    • 9 views
    हर दिल में प्रेम की दिवाली हो,चारों तरफ सिर्फ खुशहाली हो

    नज्म

    • By User
    • November 9, 2026
    • 24 views
    नज्म

    कर्मफल (भाग 25)

    • By User
    • November 9, 2026
    • 14 views
    कर्मफल  (भाग 25)

    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 10 views
    नवम्वर‌ राज्य स्थापना के बाद भी पर्वतीय विकास की उपेक्षा, राज्य सरकारों पर उत्तराखंड लोक वाहिनी ने उठाए सवाल।

    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    • By User
    • November 9, 2026
    • 7 views
    26वें राज्योत्सव पर राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, विकास पुस्तिका “सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान” का हुआ विमोचन।

    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

    • By User
    • November 9, 2026
    • 15 views
    उत्तराखंड स्थापना दिवस पर ऊखीमठ में शहीदों को दी श्रद्धांजलि