संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जिले में पर्याप्त खाद उपलब्ध रहे लोक सेवा गारंटी एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें :- कलेक्टर प्रिति यादव।
आगर-मालवा: कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने निर्देश दिए हैं कि जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती के रकबे में वृद्धि के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया जाए तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं सिंचाई दक्षता बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक किसानों को इन योजनाओं से जोड़ा जाए।
फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी किसानों का पंजीयन कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है। तहसीलदार इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग करते हुए पटवारियों के माध्यम से कार्य पूर्ण कराएं तथा एसडीएम स्तर पर भी नियमित समीक्षा की जाए।
कलेक्टर ने आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए जिले में किसानों की आवश्यकता एवं मांग के अनुसार उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद का अग्रिम उठाव करने हेतु प्रेरित किया जाए, जिससे वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न हो और वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से ई-टोकन जनरेट करने के उपरांत ही खाद का वितरण किया जाए। ई-विकास प्रणाली का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में कृषि एवं सहकारिता विभाग का अमला किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान करे। कलेक्टर ने डबल लॉक सिस्टम के माध्यम से खाद वितरण सुनिश्चित करने तथा नकली एवं गुणवत्ताहीन कृषि आदानों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिले में उद्यानिकी एवं औषधीय फसलों का रकबा बढ़ाया जाए। किसानों को परंपरागत फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी एवं औषधीय फसलों के उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को उद्यानिकी फसलों का सर्वे कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर जिले का वास्तविक रकबा दर्ज कराने के निर्देश दिए।
वन विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि वर्षाकाल के दौरान जिले में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाए। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता से वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान संचालित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को पौधारोपण के लक्ष्य निर्धारित कर उनकी प्रगति गूगल शीट के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत 12 से 18 जून के मध्य जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान अवधि में सभी विभाग प्रमुख सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, राजस्व प्रकरणों एवं अन्य लंबित शिकायतों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाएं तथा शिविरों के माध्यम से अधिकतम प्रकरणों का समाधान सुनिश्चित करें।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्कूलों में विद्यार्थियों के पंजीयन एवं आधार अपडेशन का कार्य विशेष शिविर लगाकर पूर्ण करने तथा ड्रॉपआउट एवं गैपिंग को समाप्त करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत चिन्हित सेवाएं नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराई जाएं। सभी राजस्व अधिकारी नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे प्रकरणों का निराकरण समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें।
जनगणना कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने प्रथम चरण पूर्ण होने के उपरांत द्वितीय चरण की तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, समय-सीमा पत्रों, जनसुनवाई एवं अन्य लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी शिकायतों एवं प्रकरणों के निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी एवं समीक्षा की जाए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री आर.पी. वर्मा, एसडीएम आगर श्री मिलिंद ढोके, एसडीएम सुसनेर श्रीमती किरण बरबड़े, डिप्टी कलेक्टर श्री सर्वेश यादव, श्री कमल मंडलोई, श्री प्रेम नारायण परमार सहित समस्त जिला अधिकारी, जनपद सीईओ एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।







