सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
पत्र: (लघुकथा)
एक पुत्र को अपने पिता की अलमारी से एक पत्र प्राप्त हुआ। उसने बहुत ध्यान से उस पत्र को पढ़ा। उस पत्र में लिखा था।
मेरे प्रिय पुत्र
तुम्हारी अच्छी परवरिश ही हमारा वर्तमान और तुम्हारे लिए सुखद जीवन की कल्पना ही हमारा भविष्य हुआ करते थे।अब तुम बड़े हो चुके हो और तुम एक पति और एक पिता भी हो। हमने तुम्हारी अच्छी परवरिश की है और तुम अब एक आत्म निर्भर सफल इंसान हो। तुम अपने वर्तमान और भविष्य को और बेहतर बनाने में सक्षम हो। अब मै बूढ़ा हो चुका हूं। अब न मेरा वर्तमान है और न ही भविष्य। क्योंकि तुम ही हमारा वर्तमान थे और तुम ही हमारा भविष्य थे।
पर अब बस बीते दिनों की कुछ पुरानी यादें ही मेरे पास शेष हैं।
तुम्हारा पिता
पत्र को पूरा पढ़ने के बाद पुत्र की आंखें छलक आईं। घर के छोटे से स्टोर रूम मे जाकर उसने पुराने संदूक मे से मां की एक तस्वीर ढूंढ़ कर निकाली और उस पर जमी धूलों को साफ कर पिता के कमरे मे सेल्फ पर रख दीं। फिर स्टोर रुम से उसने अपने पिता की यादों से जुड़ी बची खुची वस्तुओं को एकत्र किया और उन्हें साफ सुथरा कर पिता के कमरे मे अच्छे से यथास्थान रख दिया। ऐसा कर के वह बहुत खुश था। आज उसका वर्तमान खुश था। अब वह अपने पिता के मार्निंग वॉक से वापस लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहा था।







