सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख
“ठहरो और जियो, हर समय मत लड़ो!”
— सुश्री सरोज कंसारी
“जब हम लड़ना बंद करते हैं, तभी वर्तमान के लम्हों को खुलकर जी पाते हैं।”
===================================
हर क्षण युद्ध न लड़ना,
ठहरना भी एक कर्म है !
कल्पना के भंवर में न रहना,
वर्तमान में जीना ही मर्म है !
याद रखिएगा! आप कितना भी किसी का भला कर लें, अपनी जगह सही रहें, लोग आपकी अच्छाई को जानते हों, फिर भी आप कभी पूर्ण रूप से किसी के सम्मान के पात्र, प्रिय या विश्वास योग्य जीवन भर के लिए नहीं बन सकते। जरा सी गलती होते देर नहीं लगती। वैसे तो आज सभी व्यस्त हैं। किसी के पास समय नहीं, किसी के दुख को जानने, सुनने और सहयोग करने के लिए। पर ज़रा सी, गलती होते देर नहीं लगती, कुछ लोग टीका-टिप्पणी करने, आपकी गलती की चर्चा करने, आपको बदनाम करने में देर नहीं करेंगे। अपना सब काम छोड़कर समय निकालकर आपकी बुराई करेंगे। अपना इरादा सही रखिए, लोग किस बात से खुश होते हैं यह जानना जरूरी नहीं। आप सही कर रहे हैं, यह महत्वपूर्ण है। यह दुनिया विचित्र है, दूसरे की ज़िंदगी में क्या चल रहा है, इसमें ज्यादा रुचि लेती है। इसलिए अपने काम पर आप ध्यान दीजिए।
अभी अभाव में हैं तो स्वयं को मत कोसिएगा। उस स्थिति में अपने विवेक का प्रयोग कीजिए। बिना किसी संकोच के मेहनत कीजिए, हालात का रोना मत रोते रहिए। कर्म पर भरोसा रखिए और पूरे होश-जोश में रहकर ईमानदारी से कार्य कीजिए, ज़रूर सफल होंगे। कभी नकारात्मक मत सोचिए। आप जीतेंगे, यह संकल्प लीजिए। कर्म से ही जीवन का अंधेरा दूर हो सकता है। भीतर खालीपन मत रखिए। यह मत सोचिए कि कुछ खोकर आपका जीवन अधूरा हो गया। उस शून्य अवस्था में अपने मन को सही दिशा दीजिए। ज़िंदगी की कशमकश के बीच ठहरकर तो देखो..! आपके पास क्या-क्या है। साँसे चल रही हैं, दो वक्त की रोटी है, अपने साथ हैं। जब हम शिकवे की जगह शुक्राना रखने लगते हैं, तो दिल का बोझ आधा हो जाता है।
अंतर्मन के युद्ध से लड़ते मत रहना। माना कि कर्म करना आवश्यक होता है, किंतु हर क्षण युद्ध के मैदान में खड़े रहना तो जरूरी नहीं है। कभी-कभी रुकना और खुद को समय देना भी कर्म है। थक गए हैं तो मान लें। हर दिन जीतना ज़रूरी नहीं, आराम करना भी हमारा अधिकार होना चाहिए। खुद को जान लें…और इस संसार की भीड़ को चीरकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सही मुकाम पर खड़े होने का साहस कीजिए। आप खाली नहीं, भावनाओं से भरे हैं। हर किसी को अपनी करुणा की छाँव दीजिए, जीवन सुंदर प्रतीत होगा। जो सक्षम होकर भी किसी तरह के डर से कदम नहीं बढ़ाते, वे हमेशा पीछे रह जाते हैं।
लोगों की बातें, जो बेवजह करते हैं, उन्हें दिल में रखकर रुकिए मत। जो जरूरी है उसे करते रहना चाहिए। कर्म सबसे बड़ा है, जिससे आप खुद को काबिल बना सकते हैं। जिंदगी में जागरूक रहना होगा। वर्तमान में आपको क्या करना है, इस पर अधिक ध्यान दें। क्या आप खुश हैं ? नहीं, तो क्यों ? एक इंसान जीवन को श्रेष्ठ बनाने के लिए क्या कर सकता है ? इस पर चिंतन कीजिए। खुद को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी ले लीजिए, अपने व्यक्तित्व को निखारिए। अच्छाई के मार्ग पर चलते रहिए। हमेशा हमें बड़ों से सलाह लेते रहना चाहिए। हम भी पूर्ण नहीं हैं, इंसान हैं, कहीं न कहीं अधूरे हैं, इसलिए औरों का भी मार्गदर्शन लेना आवश्यक है।
जीवन में जो कुछ भी होता है, सही या गलत, उसे हमें ही संभालना है। जब जीना है तो परिस्थिति के आगे घुटने क्यों टेकना ? हार मान लेने से हम जीवन को और दुखी बना लेते हैं। कोशिश करते रहने से एक उत्साह, उम्मीद बनी रहती है। हम सक्रिय होते हैं हर उस कार्य के लिए जिसे हम पूर्ण करना चाहते हैं। जब हम कुछ अच्छा सोचते हैं, उसमें दिमाग लगाते हैं, तो शारीरिक-मानसिक रूप से सजग रहते हैं, जिससे जीवन में संतुलन बना रहता है। कोशिश करते रहने से धीरे ही सही, हर उलझन सुलझती है। हम यह नहीं जानते कि जीवन में कितनी कठिनाई होगी, कब हम किस मोड़ से गुजरेंगे।
लेकिन खुद को समझाना है कि जीवन के सफर में हर तरह के लोग, परिस्थिति और तकलीफ का सामना होता है, लेकिन हमें मानसिकता सकारात्मक रखनी चाहिए। कभी-कभी कल्पना से अधिक सुख-सुविधाएँ मिल जाती हैं और कभी हद से ज्यादा संघर्ष होता है। कभी गलत न होकर भी बहुत कुछ सहना-सुनना पड़ता है। अगर हम सहजता से हर बात को लें तो दिमाग में समस्याओं से निकलने के कई रास्ते भी मिलते हैं।
ज़रूरी होता है कठिन घड़ी में खुद को हिम्मत देते रहना। ये जिंदगी इतनी आसान नहीं। लोग आपके बारे में कई तरह की चर्चा करेंगे। जो आपके कार्यों से खुश हैं, वो तारीफ करेंगे और जो नहीं हैं वो कमी निकालते ही रहेंगे। चलता ही रहेगा ये सिलसिला, थमेगा नहीं। जब तक जीवन है, सम्मान तो कहीं उपेक्षा मिलता ही रहेगा। आप लोगों की सोच के अनुसार नहीं, अपनी पसंद, रुचि और उद्देश्य के अनुसार, जैसे रहना चाहते हैं, जो सही है, उस आधार पर जीवन शैली का निर्माण कीजिए।
जीवन में कुछ भी कठिन नहीं, बस हमारी मानसिकता बन जाती है कि हम नहीं कर सकते या हम जो चाहते हैं, वह नहीं मिल सकता। अगर सच्ची आस्था और लगन से किसी चीज के लिए मेहनत करें, तो उसकी प्राप्ति संभव है। मनुष्य जीवन में कई बार ऐसी स्थिति आती है कि हम दुविधा में फंस जाते हैं, समझ नहीं पाते। जीवन का हर क्षण जीने के लिए है, हम उसे सोचने, चिंता करने में व्यर्थ कर देते हैं। असल में सही समय पर हम किसी कार्य की शुरुआत न कर पाने के कारण भी समस्या उत्पन्न होती है।
रुककर सांस लीजिए और मुस्कुराइए। जीवन कोई युद्ध या अंधी दौड़ नहीं है, इसे तो जीना है। खुद को मानसिक रूप से थकाना नहीं है, रुकना, गहरी सांस लेना और स्वयं को समय देना कोई कमजोरी नहीं, बल्कि खुद को ऊर्जावान बनाए रखने की एक कोशिश है।
——————————————————–







