मीडिया प्रभारीः राजीव कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
हरिके हेड से मल्लांवाला गांव तक बूटे शाह नहर दो जगहों पर टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का आरोप है कि घटना के बाद भी नहर विभाग का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। किसान महल सिंह ने बताया कि जब से इस नहर में पानी छोड़ा गया है, तब से नहर ओवरफ्लो हो रही है। नहर में हरी घास (गरलाली) बहुत ज्यादा जमा होने से पानी का बहाव रुक रहा था। उन्होंने बताया कि किसानों ने घास हटाने के लिए अपने खर्चे पर दिहाड़ी मजदूर रखे, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। किसान गुलाब सिंह ने बताया कि बड़ी मुश्किल से पुल के नीचे से पानी का बहाव बनाया गया। इस दौरान किसान अपनी जान जोखिम में डालकर मिट्टी और बोरियों से नहर की दरार को बंद करने की कोशिश करते रहे। उन्होंने बताया कि कलगा सिंह की हवेलियों के पास करीब 20 फीट चौड़ी दरार आ गई, जिसका पानी मल्लांवाला-जैमलवाला रोड तक पहुंच गया। इससे करीब 150 किलों में लगी धान की फसल पूरी तरह डूब गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने का डर है। इस बारे में जेई सुखचैन सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और न ही नहर का पानी तुरंत बंद किया गया। जब एसडीओ नवनीत गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि दोनों जगहों पर नहर टूटने की जानकारी विभाग को है और टीमें इस मामले में एक्टिव हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों और किसानों का कहना है कि खबर लिखे जाने तक नहर विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं दिखा। एसडीओ नवनीत गुप्ता ने उनसे दोबारा फोन पर बात की और कहा कि नहर का पानी कम हो रहा है और इसके कम होने के बाद राहत कार्य शुरू किया जाए।







