सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“अपने आंतरिक स्वभाव की मजबूती, स्थिरता को बनाए रखने का प्रयास करते रहें”।
— सुश्री सरोज कंसारी
‘कमजोर नहीं, मजबूत बनिए : बुरे हालातों से हिम्मत से लड़िए।’
=================================
सरलता, करुणा और सद्भावना,
संसार को सिखाते रहना।
सबका मनोबल जगाते जाना,
हौसलों को बढ़ाते रहना।
सबसे बड़ी सुंदरता मनुष्य में नहीं उसके सम्मान और संवेदना में होती है, क्योंकि रूप तो ढल जाता है पर अच्छे संस्कार और संवेदनशीलता जीवनभर जीवित रहते हैं।…मनुष्य की स्थिति हर समय एक-सी नहीं होती। जीवन के इस सफर में उतार-चढ़ाव होते रहते हैं। इस बात को ध्यान में रखना चाहिए और मानसिक तनाव, डिप्रेशन से बचकर स्वस्थ मानसिकता रखते हुए कार्य करना चाहिए। हमारे सामने, आसपास जीवन में कई ऐसी घटनाएं प्रतिदिन घटती रहती हैं। और जब तक जीवित हैं, कई ऐसी बातें होंगी जिनसे मन विचलित होगा। स्थिर मन को नियंत्रित रखकर हम जीवन में आने वाली विविध बाधाओं को पार कर सकते हैं।
याद करिएगा! समस्या आपको सिर्फ सताने, रुलाने, डराने, सदमे में रखने, उदास कर देने या हार मानने के लिए नहीं आती। जरा सोचिए! जब भी कठिनाई आती है, हम सक्रिय हो जाते हैं और उससे निकलने के लिए मन-मस्तिष्क में कई बातें आती हैं। इस तरह लड़ते-जूझते, सहते-सहते हम मजबूत बनते जाते हैं। और एक समय ऐसा आता है कि बड़ी से बड़ी मुसीबत का सामना सहजता से कर लेते हैं।
जब तक घर में सुख-सुविधा और आराम है, पता नहीं चलता कि जीवन संघर्ष की ही कहानी है। और बिना लड़े, सामना किए हम किसी भी लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकते। इसलिए जब भी मंजिल तक जाने का प्रयास करें तो यह तय करके चलिए कि रास्ते में कोई न कोई दुविधा खड़ी रहेगी। उसे बिना क्रोधित या निराश हुए, अपनी सूझबूझ का प्रयोग करते हुए हिम्मत से पार करना ही है। डरकर, झुंझलाहट में जिंदगी जीने से अक्सर उदासी ही हाथ लगती है। लेकिन जब मन को शांत रखकर किसी भी काम को आनंदित होकर करते हैं तो आंतरिक ऊर्जा दोगुनी हो जाती है।
जब तक जीवन है, मेहनत करनी है, खुद के दम पर रहना है, यह मानकर चलिए। किसी के भरोसे जिंदगी नहीं कटती। हमारे साथ जो शुभचिंतक, अपने लोग, रिश्ते-नाते, मित्र, करीबी जन हैं, वे हमें अक्सर मानसिक मजबूती देते हैं। इसका यह मतलब नहीं कि वे हर पल हमारे साथ रहेंगे। जीवन के इस अविराम सफर में कभी न कभी, किसी न किसी मोड़ पर हमें अकेले भी रहना होता है। इसलिए खुद को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखिए और इतने साहसी बनिए कि अपने साथ दूसरों को भी सहयोग दे सकें।
जीवन जीते हुए अपने अच्छे कर्मों से लोगों के लिए प्रेरणा बनिए और चेहरे पर प्रसन्नता रखकर दिल से किसी भी कार्य को कीजिए। शुरुआत करने से पहले ही कोई भी नकारात्मक बातें न सोचें। प्रयास करें और न होने पर उसके उपाय ढूंढें। क्योंकि किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने या खुश रहने के लिए सबसे जरूरी है समर्पण का भाव रखना। जो भी कार्य मिला है उसे स्वीकार करें और मन लगाकर करें। जितना हम काम से डरेंगे, भागेंगे, चिंतित होंगे, उतने ही समस्याओं से घिरते जाएंगे। जिस दिन किसी भी कार्य को करने के लिए अपनी मानसिकता बना लेंगे, उसे सहजता से कर लेंगे।
अक्सर हम देखते हैं कि काम की अधिकता से मन में चिड़चिड़ापन हो जाता है। और जब हम बिना मन के किसी कार्य को करते हैं तो वह बोझिल हो जाता है। मन-मस्तिष्क को कमजोर बनाने वाले कई कारण होते हैं, जो हमें असफलता की ओर धकेलते हैं, जिसमें अफसोस होता है। इसलिए समय रहते अपने हर क्षेत्र में संतुलन बनाकर चलिए। क्योंकि सिर्फ सफल होना ही हमारा उद्देश्य नहीं है। प्रतिष्ठित होकर धन-दौलत, शोहरत कमा लेने से जीवन में खुशियां नहीं आतीं।
अपने जीवन में किसी भी क्षेत्र में कार्य करते हुए व्यवहार कुशल बनना सबसे बड़ी बात होती है। क्योंकि जब हम वाणी में मिठास और मिलनसार होते हैं, किसी बात को स्पष्ट कहने की क्षमता रखते हैं, तो धीरे-धीरे हर कठिनाई कम होती चली जाती है। जैसे ही बदले का भाव रखकर छल-कपट, बैर रखते हैं, तो समस्या वहीं से जन्म लेती है। क्योंकि किसी के प्रति किया षड्यंत्र खुद के जीवन को बर्बाद करने का एक माध्यम है, जो धीरे-धीरे बढ़ जाता है और हमारी शारीरिक-मानसिक क्षमता कमजोर होने लगती है। इसलिए हर किसी के प्रति अच्छे भाव रखें। चाहे कोई हमसे कैसा भी व्यवहार करे, हम सदैव अच्छी सोच रखें। क्योंकि सभी की अपनी एक जीवन शैली होती है। लेकिन हम दूसरों के बुरे व्यवहार को देखकर उसका अनुकरण न करें। जहां भी हमें थोड़ी-सी भी अच्छाई मिल जाए, उसे लेकर चलें और उसे अपने जीवन में उतारें।
जब भी विपरीत परिस्थिति आए, तुरंत उत्तेजित होने, घबराने और रोने की बजाय धैर्य रखिए और सहज रहिए। शांत मन से सोचिए कि कैसे सामना करना है? अक्सर मुसीबत के समय हम उस परिस्थिति से सामंजस्य नहीं बना पाते। घर से बाहर निकलने के बाद हम मुसाफिर होते हैं, जहां कोई सुविधा नहीं होती। अभाव में पलने का हुनर भी हम इस सफर में सीखते हैं। इसलिए जिस कार्य से गए हैं, उस पर ध्यान दीजिए और समन्वयवादी बनिए। हर जगह सिर्फ अपनी तकलीफ को ध्यान में मत रखिए। जो आपके आसपास हैं और सहन कर कार्य कर रहे हैं, उनसे भी सीखिए। यही तो जिंदगी है। आज सुख तो कल दुख। कभी भी अपनी स्थिति का रोना मत रोइए। जो कठिन समय में धैर्य से काम लेते हैं, उन्हें जीने के लिए कई मार्ग मिलते हैं।
जैसे अच्छे समय में हम उत्साहित होकर जीते हैं, वैसे ही बुरे दौर में विचलित नहीं होना चाहिए। खुद पर विश्वास रखिए और पूरी दृढ़ता के साथ लीन होकर किसी भी कार्य में सफल होने के लिए कदम आगे बढ़ाइए। जब आप पूरी हिम्मत के साथ आगे बढ़ते हैं तो सकारात्मक सोच विकसित होती है। वही आपको मंजिल तक ले जाती है। रोने, भाग्य को कोसते रहने और लोगों को ताकते रहने से कभी भी सफलता नहीं मिलती। इसलिए जो भी करना है उसके लिए तैयारी कीजिए, योजना बनाइए, चिंतन कीजिए। और अनावश्यक किसी प्रकार की दुविधा को लेकर मत चलिए। जो भी कहना है, करना है उसमें स्पष्ट बनिए। क्योंकि संदेह की स्थिति में रहने से जिंदगी आगे नहीं बढ़ती। हम वहीं पर रुक जाते हैं, और रुकने से मानसिकता भी बिखर जाती है। किसी भी कार्य को करने के लिए संकल्प जरूरी है। संकल्प के अभाव में हर तरफ निराशा ही दिखाई देती है।
अंत तक प्रयास ही मनुष्य का उद्देश्य होना चाहिए। अपने आत्मसम्मान, चरित्र निर्माण और सफलता के लिए श्रेष्ठ कर्म करते रहिए। भले ही थकान हो, गिरें, डगमगाएं, लेकिन हार मत मानिए। बस साहस के साथ सामना कीजिए। और इस बीच कभी टूटकर बिखरिए मत। कई लोग जीवन से, अपनों से, दुर्व्यवहार से एकदम गुमसुम हो जाते हैं। किसी से मिलना-जुलना बंद कर देते हैं। मुस्कुराते नहीं। अस्त-व्यस्त रहते हैं। दुख को अपने चेहरे पर उतार लेते हैं। बीमार-से हो जाते हैं। ठीक से रहन-सहन, पहनावा भी नहीं रखते। यह बहुत ही चिंतनीय विषय है। खुद के व्यक्तित्व को संवारना, संभालना और स्वस्थ रहना आपकी पहली प्राथमिकता है। अपनी दिनचर्या सही रखिए।
अपनी आंतरिक शक्ति को कमजोर मत होने दीजिए। चाहे कुछ भी हो जाए, आत्मविश्वास बनाए रखिए। जब जिंदगी में कभी मायूस होने लगें, कोई उम्मीद की किरण नज़र न आए, मानसिकता बोझिल हो जाए, दिमाग काम न करे, तब खुद के मनोबल को जागृत करें। और सब भूलकर मन को एकाग्र कर खुशियों को महसूस कीजिए। जिंदगी की हर परीक्षा के लिए फिर से तैयार हो जाइए। निकाल दीजिए डर, दहशत और सदमे को दिमाग से। याद रखिए, आप मन में जो पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ ठान लेते हैं, वही सबसे बड़ी शक्ति का स्रोत है। विपरीत परिस्थिति से लड़ने की असली ताकत है।
आप जो चाहते हैं, उसके बारे में एक बार अवश्य सोचिए। क्या वह सही है वर्तमान और भविष्य के लिए? बेवजह की बात, काम और लोगों से दूर ही रहिए। बस जो भी करें, उसमें चमत्कार उत्पन्न करिए। कुछ उपयोगी, सार्थक, जन कल्याणकारी कार्य भी कीजिए। सिर्फ असीम चाहत को पालकर मत रखिए। हृदय में शुद्धता, सात्विक विचार, नैतिक कार्य, मर्यादित आचरण और संतुष्ट रहना भी जरूरी है। निष्क्रिय मत रहिए। जीवन को रुचिकर भी बनाइए। चाहे कितनी भी जिम्मेदारियों का बोझ क्यों न हो, अपने पसंद, शौक के कार्य के लिए समय अवश्य निकालिए। मेहनत से कभी जी मत चुराइए। भटकिए मत। अधूरी ख्वाहिश को पूरा करने के लिए विभिन्न विकल्प निकालिए। कभी भी रूठिए मत। जिंदगी से, अपनों से और अपने आप से प्रेम कीजिए और मधुर व्यवहार बनाए रखिए। सभी को प्रोत्साहित कीजिए। औरों के लिए स्वार्थी मत बनिए। एक-दूसरे का सहयोग करते रहें।
जब मानसिक तनाव घेरे, तब रुककर खुद से सौ बार पूछिए कि आप वास्तव में क्या चाहते हैं और क्या होना चाहते हैं। हमारे भीतर जो सबसे सुंदर है, वह है—सम्मान, दया और संवेदना, जो हर हृदय में सदा जीवित रहेंगे। दुनिया कितनी भी कठोर क्यों न हो, हमें अपनी अच्छाई हमेशा बनाए रखनी है और नेकी करते रहना है; क्योंकि सबके भले में ही स्वयं का भला है। मन को मजबूत और स्वभाव को ऐसा अभेद्य बनाइए कि कोई भी आपको आहत करने की कोशिश में हमेशा नाकाम रहे।
—————————————————–







