सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम,
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“पुष्प की भांति पूर्ण रूप से खिलकर जीएं।”
— सुश्री सरोज कंसारी
“जैसे एक कली धीरे-धीरे पूरी खिलकर पुष्प बनती है व अपनी खुशबू बिखेरती है, वैसे ही तुम भी अपने डर, संकोच को छोड़कर अपने जीवन को पूरी तरह जिएं व अपनी प्रतिभा को दुनिया के सामने लाएं।”
=============================
तेरे स्वभाव में रहने में ही एक अलग
निखार है,
खुद को जगाओ, अपनी मौलिकता
को चमकाते जाओ।
तुम्हारे भीतर ज्ञान व प्रतिभा का
असीम भंडार है,
खुद को पूरी तरह खिलाते जाओ।
प्रत्येक मनुज ईश्वर की एक अनुपम रचना है। जब हम बाहर की दुनिया के शोर को भूलकर अपने भीतर झांकते हैं, तब हमें अपनी असीमित ऊर्जा और शक्तियों का अहसास होता है। स्वयं को स्वीकार करना ही सबसे बड़ा दर्शन है। संसार में हर इंसान की अपनी सोच है। किसी की बातों को खुद पर लागू मत कीजिए। तुम्हें जो करना है, बस उसी पर ध्यान दो। खुद का सहारा बनिए और दूसरों को सहारा दीजिए। ताकत है तुममें, जीवन की हर दुविधा से निकलने की। खुद की क्षमता को कम मत आंकिए। याद रखिए! अंत तक तुम्हें ही अपने हिस्से की लड़ाई लड़नी है।
इस उम्मीद में मत बैठे रहिए कि हर वक्त कोई तुम्हें सहारा देगा, साथ निभाएगा, हर दुख दूर कर देगा। भ्रम अक्सर टूट ही जाता है। इसलिए जितनी जल्दी हो सके, हकीकत में जीना शुरू कर दीजिए। कोई साथ है तो ठीक है, नहीं है तो घबराइए मत। अपनी राह चलते रहिए। अपनी जिम्मेदारी खुद उठाइए। दूसरों पर ज्यादा निर्भर रहना ठीक नहीं। किसी तरह की हानि, शारीरिक-मानसिक तकलीफ या असफलता होने पर रोने और किसी को कोसने से अच्छा है कि अपनी मेहनत और हुनर से खुद को काबिल बनाइए।
दुनिया के हर पग पर खुशियाँ हैं। निकलिए और महसूस कीजिए। सीमित दायरे में रहकर खुद को कुंठित मत कीजिए। आपके हाथ में है खुद को बेहतर बनाने के लिए दृढ़ संकल्प, फैसला, खुद से वादा और समस्याओं का समाधान। उम्मीदों की रोशनी लेकर जीवन के अंधकार को मिटाते चलिए। चाहे जीवन में कितने भी तूफान आएँ, डरिए मत! संभलने का हुनर सीखते रहिए। खुद से कहो कि तुम महान योद्धा हो, हर जख्म का मरहम तुम्हारे पास है। दर्द से चीखने-चिल्लाने की बजाय उसे सहलाइए और खुद को प्रोत्साहित कीजिए।
जीवन में दुर्घटनाएँ होती रहेंगी। बस मुस्कुराकर सहन करने की आदत रखिए। कष्टों से भरा मन बहुत व्याकुल होता है। उसे समझाइए, हिम्मत दीजिए। समय सब ठीक कर देगा। हर समय सांत्वना पाने के लिए किसी के पास अपनी दुख भरी कहानी लेकर मत जाइए। हर शख्स अपना अंतरयुद्ध लड़ रहा है। हर किसी के पास तकलीफ है। खुद को कर्मभूमि में हर जंग के लिए तैयार कीजिए।
हार हो या जीत, परवाह मत कीजिए। हर निर्णय को जीवन का हिस्सा स्वीकार कीजिए। याद रखिए! जब तक जीवन है, तुम्हें लड़ना है, चलना है, रुकना नहीं है। मान लो कि तुम अपने जीवन की उलझन सुलझाने के लिए पर्याप्त हो। एक बार पूरी मानसिकता और दिल से कोशिश तो कीजिए।
मनुष्य जो चाहे कर सकता है। उसके भीतर ज्ञान, बुद्धि और हुनर का एक अनंत समंदर छिपा हुआ है। आपको अपनी काबिलियत के लिए बाहर देखने की आवश्यकता नहीं है, सब कुछ आपके भीतर ही मौजूद है। कभी रुकना नहीं है, बल्कि निरंतर प्रयासरत रहकर आगे बढ़ते जाना है। जीवन के हर क्षण को पूरी ऊर्जा के साथ जीएं। अपने भीतर की प्रत्येक संभावना को साकार करने कोशिश में रत रहना, सदा मुस्कुराते रहें और अपनी सुगंध से इस संसार को महकाते रहें।
………………………………………………………..







