संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

पुलिस लाइन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण।
कन्नौजः पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं और अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करना प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के प्रति भी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के सैकड़ों पौधे लगाए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन/तिर्वा कुलवीर सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रणव कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और जवान मौजूद रहे।







