संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लोहे की सरिया से हमला करने के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार।
कन्नौज: विशुनगढ़ थाना पुलिस ने मारपीट के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को ग्राम खबरिया निवासी मोहिनी पत्नी अंशुल राजपूत ने रामनिवास पुत्र सोनपाल के खिलाफ बच्चों की बात को लेकर गाली-गलौज, लोहे की सरिया से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना में घायल मोहिनी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल कन्नौज रेफर किया गया था। बाद में इलाज के दौरान 19 जुलाई को सैफई मेडिकल कॉलेज इटावा में उनकी मृत्यु हो गई। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 109 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर विशुनगढ़ पुलिस ने ग्राम सधुनगला रोड स्थित बलरामपुर तिराहे के पास से वांछित आरोपी रामनिवास (35) निवासी ग्राम खबरिया को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पप्पू पुत्र कड़ोरी लाल की निर्माणाधीन दुकान के सामने झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद की गई। आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रंजीत सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार, राजकिशोर और परमवीर राठी शामिल रहे।







