सौजन्यः सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
खेल-खेल में सीखीं शिक्षा की नई विधियाँ, ‘स्मार्ट माता’ का हुआ सम्मान।
बिलासपुर/छत्तीसगढ़: शासकीय प्राथमिक शाला खंतहा, विकासखंड बिल्हा में “अँगना में शिक्षा” कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण

आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों ने खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने की नवीन एवं प्रभावी विधियों का अनुभव किया।
विद्यालय परिसर में 9 शिक्षण काउंटर लगाए गए थे, जहाँ भाषा, गणित एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। माताओं ने बच्चों के साथ मिलकर प्रत्येक गतिविधि में बढ़-चढ़कर भाग लिया और सीखने की प्रक्रिया को आनंददायक बनाया।
इसके बाद कबड्डी एवं नदी-पहाड़ जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें माताओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। सामूहिक गतिविधि के अंतर्गत माता द्वारा रिंग फेंकने और रिंग जिस वस्तु पर रुकती, उस वस्तु के बारे में बच्चे द्वारा जानकारी देने की गतिविधि ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं क्विक प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता में माताओं ने त्वरित एवं सटीक उत्तर देकर अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक आयोजन माता–बच्चा युगल नृत्य रहा। सभी माताओं ने अपने बच्चों के साथ मंच पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एक माता को “स्मार्ट माता” का खिताब प्रदान करते हुए क्राउन एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, माताओं, आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित बीआरजी श्रीमती प्रीति चन्द्रवंशी, श्री बीरेंद्र रजक एवं श्री देवेंद्र मोटघरे उपस्थित रहे। तीनों बीआरजी ने विभिन्न गतिविधियों के संचालन एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, व्यवस्था एवं संचालन विद्यालय के शिक्षक श्री शशिकांत कौशिक ने किया। ग्राम खंतहा की पंच श्रीमती कला मरकाम का आयोजन में विशेष सहयोग रहा। अंत में विद्यालय के प्रधान पाठक श्री ज्ञानचंद्र बंजारे ने सभी माताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यालय और परिवार के बीच सहभागिता को मजबूत करने के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







