संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मोबाइल चोर गिरोह के तीन सदस्य मुठभेड़ में गिरफ्तार, 37 मोबाइल और तीन तमंचे बरामद।
कन्नौज: सौरिख थाना पुलिस ने बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान भागने की कोशिश कर रहा एक आरोपी राजीव गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 चोरी के मोबाइल फोन, एक बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक, तीन तमंचे, छह जिंदा और छह खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में नौ आईफोन शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को थानाध्यक्ष सौरिख नागेंद्र सिंह चौधरी पुलिस टीम के साथ ऋषिभूमि तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की काले रंग की पल्सर बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आ रहे हैं। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में राजीव घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों के भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करते थे और उन्हें बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुरु पूर्णिमा मेले में मोबाइल चोरी करने के इरादे से तिर्वा और कन्नौज आ रहे थे। बरामद मोबाइलों के संबंध में दिल्ली, नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र और पीलीभीत पुलिस से जानकारी की गई, जिसमें कई मोबाइल चोरी या गुमशुदगी से संबंधित पाए गए हैं। अन्य मोबाइलों के बारे में भी पुलिस जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूरा उर्फ जितेंद्र उर्फ रामपाल निवासी गिहार कॉलोनी, करहल, मैनपुरी, राजीव निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, इटावा और साहिल निवासी गिहार कॉलोनी, सिरसागंज, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, भूरा के खिलाफ 14 और राजीव के खिलाफ 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि साहिल के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सौरिख में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौधरी, उपनिरीक्षक सुबोध सहाय, कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, विपिन कुमार, अंकित कुमार, अभिषेक जादौन और सूरज कुमार शामिल रहे।







