संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
एक माह से बंद पड़ी पेयजल टंकी, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई गुहार।
छिबरामऊ (कन्नौज): विकास खंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत विशुनगढ़ में करीब एक माह से पेयजल टंकी से जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में करीब 11 मजरे शामिल हैं और यहां की आबादी लगभग 30 हजार है। शासन की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से पेयजल टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन पिछले एक महीने से जलापूर्ति ठप होने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी में महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे, किसान और मजदूर दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। इससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के संबंध में संबंधित अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को कई बार मौखिक व लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामवासियों ने बुधवार को उप जिलाधिकारी छिबरामऊ को शिकायती पत्र देकर पेयजल आपूर्ति तत्काल सुचारु कराने की मांग की। साथ ही टंकी से जलापूर्ति बंद होने के कारणों की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो उन्हें गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। जिसमें नेम कुमार, वीरू वाल्मीक, सयूम, जय ओम, लल्ला सुनार, विजय बाबू, राजीव कुमार, संजीव कुमार, सत्यपाल कुमार, राहुल कुमार, दीपक कुमार, प्रमोद सिंह, अमर सिंह, कल्लू, विसाल, शिवओम, कुलदीप, विमल राजीव, मेवा लाल, मुन्ना लाल आदि जर्जनों लोग रहे मौजूद।







