सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/शिक्षिका/रिपोर्टर/उद्घोषिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“जिंदगी को जीना आवश्यक है, समझना नहीं”
-सुश्री सरोज कंसारी
——————————————
जीवन को एक सीमित दायरे में परिभाषित नहीं किया जा सकता। हर मोड़ पर इसका एक नया रूप होता है। एक ही बात को हम कई तरह से कहते और समझते हैं। इसलिए हर छोटी बात को गंभीरता से लेकर समझने की कोशिश करेंगे तो जिंदगी कम पड़ जाएगी। जिंदगी में हर पल नई बातें सुनने-देखने को मिलती हैं। क्षणिक जीवन की यह अजीब कहानी है। इसमें डूबे तो फिर निकलना मुश्किल है। जीवन के हर पहलू पर विचार मत कीजिए। नहीं तो हम इसे जी नहीं पाएंगे, बस उलझकर रह जाएंगे। हर पल मन में कई तरह के सवाल उमड़ते हैं। जीवन में समझदारी, संयम, सहयोग, वफ़ादारी और प्रेम बेहद आवश्यक हैं। लेकिन सब कुछ समझने में लगे रहेंगे तो उन खुशियों को खो देंगे, जिन्हें हम नासमझ बनकर पा सकते हैं। जितनी ज़रूरत हो उतनी ही जानकारी रखिए किसी विषय पर। सब कुछ याद करके मन कभी-कभी विचलित होने लगता है।
ज़रूरत से ज्यादा जब हम किसी बात की गहराई में जाते हैं तो दिल-दिमाग में एक बेचैनी सी उत्पन्न होने लगती है। हर वक्त “क्यों, कैसे, कब, काश” में खोए रहेंगे तो वास्तविक जीवन से दूर हो जाएंगे। आपके शारीरिक, मानसिक, चारित्रिक और नैतिक विकास के लिए जितना जरूरी हो उतना ही दिमाग लगाइए। हर किसी की जिंदगी जानने की उत्सुकता मत रखिए, गमगीन हो जाएंगे। जितने लोग, उतनी ही उलझनें होती हैं। जीवन-पथ पर चलते हुए अच्छे-बुरे अनुभव लेते रहिए और सहज बनिए। दुख को समेट कर मत रखिए, हल ढूंढते रहिए। कुछ भूलिए, कुछ अच्छा याद कीजिए और दिमाग को नई ताजगी देते रहिए। उबाऊ मत बनिए, एक ही समस्या के पीछे भागकर। जीवन के विविध रंग हैं, अपने एहसास कोरा मत रखिए। सपने देखिए, शौक पूरे कीजिए। अपनों से मिलते रहिए, दिल की बात कीजिए और कहिए। गुमसुम मत गुज़ारिए जीवन। ये जीवन अमूल्य है।
सांसारिक मोह-माया में फंसकर रोते मत रहिए। आगे निकलिए, छोटी-छोटी बातों का आनंद लीजिए। दुनिया जानने से पहले अपनी मंजिल का पता ढूंढिए। खुद को समझ लीजिए, बाकी सब अपने हिसाब से ही जीते हैं। जहां हैं, जिस हालात में हैं, बस उसे स्वीकार कीजिए और जीना शुरू कीजिए। “कल किसने, कैसे बर्ताव किया, क्यों किया?” इसे दोहराते मत रहिए। अपने स्वाभिमान की रक्षा कीजिए। लोगों से मिले अपनत्व के भाव को दिल से महसूस कीजिए। गिरकर वहीं पड़े मत रहिए, खुद उठिए। अपनी भावनाओं को संभालिए, मन के भटकाव को। खुद को सही दिशा दीजिए। हर सांस के साथ जीने की चाहत भरिए। मुस्कुराना, लड़ना, रूठना-मनाना, क्षमा करना, सहयोग देना, मन में करुणा-स्नेह रखना, ये सब जीवन का हिस्सा हैं। दुखद हादसे जीवन में होते ही रहते हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि आप जीना ही भूल जाएं। सुकून कहीं होता नहीं, उसे खुद में सकारात्मक बदलाव लाकर प्राप्त कर सकते हैं। जीवन में कुछ कमी हमेशा बनी रहेगी। तलाश जारी रखिए। कहीं तो मिलेगी खुशियों की वजह। बस खुद से रूठिए मत।
कविता:
”मुस्कुराते हुए शान्ति से
प्रति श्वास को जी लें…
सोचना बहुत कम है,
जीना बहुत अधिक है।”
जीवन की वास्तविकता को स्वीकारें। न बहुत ज्यादा सोचना है, न बिल्कुल भी न सोचना, बस बहते पानी की तरह निरंतर चलते रहना है। नदी तभी सुन्दर लगती है जब वह बहती है, रुकती नहीं। इसलिए अगली बार जब मन में सौ सवाल आएँ, तो एक बार स्वयं से’ जवाब मिल पूछिए—‘क्या इसे समझना आवश्यक है या जीना आवश्यक है? जाएगा और फिर मुस्कुराकर आगे बढ़ जाइए। क्योंकि जिंदगी एक ही बार मिली है, यह बहुत अनमोल है… दोबारा नहीं मिलती यह जिंदगी। वर्तमान को मुस्कुराते हुए जीना चाहिए। बीते हुए कल, यानी अतीत को पूरी तरह भुलाकर उसे माफ़ कर देना चाहिए। आज हमारे पास जो समय है, उसे पूरी जागरूकता के साथ जीना।
—————————————






