सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)
पैतृक गांव मणिगुह में राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट का भव्य स्वागत।
नागरिक अभिनंदन में उमड़ा जनसैलाब।
ऊखीमठः उत्तराखंड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट के अपने पैतृक गांव मणिगुह पहुंचने पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। अपने गांव पहुंचने पर श्री भट्ट ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पैतृक गांव और मातृभूमि से उनका आत्मीय रिश्ता सदैव बना रहेगा।
राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट के मणिगुह आगमन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। गांव पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया तथा फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को भी उनके समक्ष रखा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
शहीद दरवान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ नागरिक अभिनंदन।
राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट के सम्मान में शहीद दरवान सिंह राजकीय इंटर कॉलेज मणिगुह में नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों, शिक्षकों एवं क्षेत्र के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उनका अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई दी। क्षेत्र पंचायत प्रमुख अगस्त्यमुनि भुवनेश्वरी देवी ने कहा कि मणिगुह की माटी से जुड़े व्यक्ति को महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से क्षेत्रवासियों में गौरव की अनुभूति हुई है। प्रधान माणिक लाल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लिए अपने पैतृक गांव में सम्मानित होना विशेष गौरव का विषय होता है। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश भट्ट ने क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ हमेशा आत्मीयता बनाए रखी है। नागरिक अभिनंदन के दौरान ग्रामीणों ने उनसे क्षेत्र की शिक्षा, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पहल करने की अपेक्षा भी जताई।
ग्रामीणों ने जताया आभार
इस अवसर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सत्यपाल नेगी ने कहा कि मणिगुह जैसे पहाड़ी गांवों से निकलकर सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण दायित्व हासिल करने वाले व्यक्तित्व का गांव में अभिनंदन नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओम प्रकाश भट्ट अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ पहाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्यमंत्री ओम प्रकाश भट्ट ने नागरिक अभिनंदन के लिए क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का आभार जताते हुए कहा कि मणिगुह उनके लिए केवल पैतृक गांव ही नहीं, बल्कि उनकी भावनाओं और स्मृतियों से जुड़ी धरती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी रही। लंबे समय बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे ओम प्रकाश भट्ट के स्वागत से मणिगुह का माहौल उत्सवमय बना रहा। इस मौके पर प्रधान मालखी सन्दीप सिंह, भटवाड़ी अमित नेगी, वन पंचायत सरपंच बचन सिंह रावत, प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह नेगी, निजी सचिव वेद प्रकाश गौड़, सतीश भट्ट, गिरीश भट्ट, गजेन्द्र सिंह नेगी, श्रवण कुमार भट्ट, बलवीर सिंह, सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि, अध्यापक, ग्रामीण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व नौनिहाल मौजूद थे।







