मीडिया प्रभारी फिरोजपुरः राजीव कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
फिरोजपुर के गोल्डन इनक्लेव में कारोबारी ने लाइसेंसी हथियार से की आत्महत्या।
फिरोजपुर: शहर के गोल्डन इनक्लेव में उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 65 वर्षीय कारोबारी गुरकिरपाल सिंह ने अपने लाइसेंसी हथियार से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक के भाई ने बताया कि गुरकिरपाल सिंह आमतौर पर सुबह करीब 4 बजे उठकर पाठ करते थे। आज वह देर तक नहीं उठे। जब वह नहाकर बाहर आए तो उन्होंने देखा कि गुरकिरपाल सिंह उठ चुके थे। वह बाथरूम गए और फिर अपने कमरे में वापस आ गए। कुछ देर बाद कमरे के अंदर से आवाज आई।
परिवार ने ऊपर किराए पर रह रहे व्यक्ति को आवाज लगाई और जब कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा गया तो गुरकिरपाल सिंह ने अपने लाइसेंसी .32 बोर हथियार से खुद को गोली मार ली थी।
परिवार के अनुसार गुरकिरपाल सिंह दिमाग से संबंधित बीमारी की दवा ले रहे थे और पहले भी उन्हें इस संबंधी समस्या रही थी।
हालांकि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसके बारे में परिवार को अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। घटना के समय उनकी पत्नी और बेटा किसी काम से रिश्तेदारी में गए हुए थे। गुरकिरपाल सिंह अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गए हैं।







