मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, देहरादून)
झिंझाड़ में मां राज राजेश्वरी मोहल्ला समिति ने चलाया जागरूकता अभियान, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई।
अल्मोड़ा: झिंझाड़ क्षेत्र में मां राज राजेश्वरी मोहल्ला समिति की ओर से स्वच्छता एवं सामाजिक अनुशासन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। समिति के सदस्यों ने खम्मा मार्केट से तल्ला कसून बख्शी खोला झिझाड़ तक पूरे वार्ड में घूमकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन का पालन करने के लिए जागरूक किया।अभियान के दौरान वार्ड के विभिन्न स्थानों पर पालतू कुत्तों को रास्ते में शौच न कराने की अपील वाले फ्लेक्स लगाए गए। समिति ने लोगों से कहा कि सार्वजनिक रास्तों और अन्य स्थानों पर पालतू कुत्तों को शौच कराने से गंदगी फैलती है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। समिति ने स्पष्ट किया कि जागरूकता के बाद भी यदि कोई व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते को रास्ते में शौच कराता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।इसके साथ ही लोगों से कूड़ा खुले में न फेंकने और वार्ड को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। समिति ने वार्ड में नशेड़ियों के बैठने पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की बात कही और स्थानीय लोगों से ऐसे मामलों की सूचना समिति को देने का आह्वान किया।
मोहल्ला समिति के सदस्यों ने कहा कि वार्ड को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना केवल समिति की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से लोगों से अपने आसपास स्वच्छता रखने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। अभियान में पार्षद अमित साह मोनू, खजान कांडपाल, राजेंद्र प्रसाद गुरुरानी, विवेक कनवाल, विवेक लोहनी, केतन पांडे, नमन गुरुरानी, जगदीश वर्मा, शक्ति सिंह, शरद गुरुरानी, रजनी पंत, लोकेश तिवारी, संजय चौहान, पीयूष गुरुरानी, जहांगीर आलम, भावेश पांडे, आशीष गुरुरानी, अंकुर वोहरा, सागर गुरुरानी, भारत भट्ट, निखिल शाही, सुनील जोशी आदि लोग उपस्थित रहे।







