राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
झूठी खबरों का जाल
शहर की चमक-दमक में हर कोई स्मार्टफोन से चिपका रहता है। सुबह उठते ही नोटिफिकेशन, रात सोते-सोते वायरल वीडियो सच और झूठ का फर्क मिट चुका था।
रंजन एक छोटे से कस्बे का पत्रकार था। उसने कभी सोचा नहीं था कि उसकी कलम इतनी कमजोर पड़ जाएगी। एक दिन शहर में एक बड़ा विस्फोट हुआ एक पुरानी इमारत ढह गई। शुरुआती खबरों में कहा गया कि गैस लीकेज से हादसा हुआ लेकिन कुछ घंटों में सोशल मीडिया पर तूफान आ गया।
यह जानबूझकर किया गया हमला है!”
“सरकार छुपा रही है! विदेशी ताकतें शामिल हैं! धर्म / जाति विशेष के लोग जिम्मेदार हैं।
झूठे वीडियो वायरल हो गए पुराने क्लिप्स को नया बनाकर दिखाया गया। एआई से बने चेहरे और आवाजें लोगों को गुमराह कर रही थीं। रंजन ने खुद जाकर देखा इमारत पुरानी थी, मरम्मत नहीं हुई थी। इंजीनियर की रिपोर्ट साफ थी गैस पाइप फटी थी लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था।
उसकी रिपोर्ट जब छपी, तो उस पर हमले शुरू हो गए। तुम सरकारी दलाल हो! सच छुपा रहे हो! उसके घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। पत्नी और बेटी डर गईं। रंजन ने फोन बंद कर दिया, लेकिन झूठ की आग और तेज भड़क रही थी।
रात को वह छत पर बैठा सोच रहा था। शहर की लाइटें चमक रही थीं, लेकिन अंधेरा और गहरा था। लोगों ने सच को छोड़ दिया था। वे उस खबर को सच मान रहे थे जो उनके गुस्से को खिलाती थी। सच्चाई बोझ लगती थी, झूठ आसान और मजेदार था।
दूसरे दिन एक युवा लड़की, जिसका भाई उस इमारत में काम करता था, रंजन के पास आई, आँखों में आँसू थे। “सर, मेरा भाई मरा है… लेकिन लोग कह रहे हैं कि वह साजिश का हिस्सा था। मेरी माँ पागल हो रही है। कृपया सच बताइए। रंजन ने उसे रिपोर्ट दिखाई लड़की चुपचाप पढ़ती रही। फिर बोली, लेकिन कोई नहीं मानेगा,लोग झूठ सुनना चाहते हैं।”
रंजन ने मुस्कुराकर कहा, “तो फिर हम और जोर से सच बोलेंगे। उसने एक वीडियो बनाया बिना एडिटिंग, बिना नाटकीयता के सिर्फ दस्तावेज, इंजीनियर का बयान, और पीड़ित परिवारों की सच्ची बातें। वीडियो वायरल नहीं हुआ लाखों व्यूज नहीं मिले। लेकिन कुछ हजार लोगों ने देखा। कुछ ने शेयर किया। धीरे-धीरे एक छोटी सी आवाज उभरी।
आज समाज और राजनीति कहाँ जा रही है? जहाँ झूठ तेज दौड़ता है और सच पीछे छूट जाता है। जहाँ लोग सच्चाई से ज्यादा अपनी भावनाओं को सच मान लेते हैं। जहाँ एआई झूठ को और चमकदार बना देता है।
लेकिन रंजन जानता था जब तक एक आदमी सच बोलने की हिम्मत रखता है, समाज पूरी तरह अंधेरे में नहीं डूबेगा। रात लंबी जरूर है, लेकिन सुबह आती ही है। बस जरूरत है कि कोई दीया जलाए रखे। रंजन ने अपनी लेखनी और सच्ची पत्रकारिता का अपना दीया जलाए रखा।






