संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
मांगों के समाधान को लेकर पंचायत सहायकों ने उठाई आवाज, बीडीओ को सौंपा ज्ञापन।
कन्नौज: ग्राम पंचायतों में डिजिटल और विभागीय कार्यों में अपनी भूमिका निभा रहे पंचायत सहायकों ने सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सात सितंबर से लखनऊ के ईको गार्डेन में प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को लेकर छिबरामऊ विकासखंड के पंचायत सहायकों ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पंचायत सहायकों ने आंदोलन की पूर्व सूचना देते हुए प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई है। संगठन का कहना है कि पंचायत स्तर पर ऑनलाइन सेवाओं, डिजिटल कार्यों और विभिन्न विभागीय गतिविधियों के संचालन में पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी लगातार बढ़ी है। इसके बावजूद उनकी सेवा शर्तों और मानदेय से जुड़ी कई समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं।
पंचायत सहायकों ने मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर के अनुरूप भुगतान किए जाने की मांग की है। इसके साथ ही संविदा व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली लागू करने और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग भी रखी गई है।
संगठन की अन्य प्रमुख मांगों में महिला पंचायत सहायकों के लिए मातृत्व अवकाश, आवश्यकता के अनुसार स्थानांतरण व समायोजन की व्यवस्था तथा ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी की आगामी भर्ती में अनुभव के आधार पर 50 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण शामिल है। पंचायत सहायकों ने मुख्यमंत्री से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता कराने की मांग भी की है।
यूनियन के अनुसार सात सितंबर से शुरू होने वाला धरना अनिश्चितकालीन रहेगा। मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में संगठन के निर्देश पर कार्य बहिष्कार जैसे कदम उठाए जाने की बात कही गई है। वहीं, स्थानीय पंचायत सहायकों ने जिला पंचायत राज अधिकारी से आंदोलन की पूर्व सूचना को संज्ञान में लेने और इस दौरान अनावश्यक प्रतिकूल कार्रवाई से बचने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में अम्बिका ठाकुर, शिबानी, सोनी, खुशबू, शिल्पी, प्राची, करिशमा, अंशिका, कुन्ती, शिवा, आशीष, मनीष, धर्मेन्द्र, हर्ष, आकिव, रतनदीप, रोहित चौहान, रोहित शाक्य, गौरव, शिवम, गोपाल, पुष्पेन्द्र, अभिषेक, सौरभ, अंशुल शाक्य, दीक्षा, सुषमा आदि शामिल रहे।







