सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, देहरादून)
फरार चालक की गिरफ्तारी व क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू।
सोमवार को तहसील परिसर में तालाबंदी की चेतावनी। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान।
ऊखीमठः रक्षाबंधन पर्व पर भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में डाॅ. कैलाश पुष्वाण की मृत्यु के मामले में फरार चल रहे वाहन चालक की गिरफ्तारी का अब तक स्पष्ट खुलासा न होने तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। केदार घाटी के सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरना स्थल पर ग्रामीणों ने कहा कि सड़क दुर्घटना में डाॅ. कैलाश पुष्वाण की मृत्यु के बाद क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है। घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं होने से लोगों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए दोषी वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी आवश्यक है।
धरने में शामिल ग्रामीणों ने क्षेत्र की अन्य ज्वलंत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि लंबे समय से विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग शासन-प्रशासन के समक्ष रखी जाती रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होना पड़ा है।
धरना स्थल पर आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि यदि उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार को तहसील परिसर में तालाबंदी की जाएगी। आंदोलनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मांगों के समाधान के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगें न्यायोचित हैं और प्रशासन को जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डाॅ. कैलाश पुष्वाण की मृत्यु के मामले में फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी के साथ-साथ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे हैं, लेकिन यदि मांगों की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार आश्वासन देने के बजाय समस्याओं के समाधान के लिए धरातल पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटना के मामले में स्थिति स्पष्ट करने, फरार वाहन चालक को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र की लंबित समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने की मांग की।ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि जब तक क्षेत्र में फैली सभी समस्याओं का निराकरण नहीं होता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कालीमठ संगीता नेगी, प्रधान किमाणा सुलेखा देवी, प्रमोद राणा, आशीष पुष्वाण, शक्ति सिंह, रजनी देवी, दलवीर सिंह रावत, विनोद सिंह नेगी, अनिल त्रिवेदी, धर्मेन्द्र पुष्वाण, राजकिशोर त्रिवेदी, अमरनाथ त्रिवेदी, धीरेन्द्र सिंह नेगी, गोविन्द सिंह पुष्वाण, देवेन्द्र सिंह राणा, देवेन्द्र सिंह नेगी, विजयपाल सिंह मौजूद रहे।







