संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)

जंगला काटकर घर में दाखिल हुए चोर, जेवर-नकदी लेकर फरार।
सौरिख: सौरिख देहात में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मकान की दूसरी मंजिल का स्टील का जंगला काटकर घर में प्रवेश कर लिया। चोरों ने बक्से और दो अलमारियों के ताले तोड़कर जेवरात व नकदी पार कर दी। घटना के दौरान गृहस्वामी और उनकी पत्नी पीछे के कमरे में सोते रहे। सुबह जानकारी होने पर घर में हड़कंप मच गया।
बिधूना रोड निवासी आशुतोष शाक्य के अनुसार बुधवार रात वह पत्नी दीप्ति के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर दूसरी मंजिल पर पहुंचे और स्टील का जंगला काटने के बाद दरवाजे का कांच तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने बक्से और दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए और उनमें रखे जेवरात व नकदी समेटकर फरार हो गए।
गुरुवार सुबह पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घर पहुंचे। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। घर के पास खेतों की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक छोटा बॉक्स भी पड़ा मिला, जिसमें जेवर रखे जाते थे। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर सौरिख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर चोरों का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।







