संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
साइबर ठगी के खुलासे पर तत्कालीन साइबर थाना प्रभारी सम्मानित।
कन्नौजः साइबर अपराध के एक मामले का सफल अनावरण, आरोपी की गिरफ्तारी और महत्वपूर्ण बरामदगी में प्रभावी पुलिस कार्रवाई के लिए तत्कालीन साइबर क्राइम थाना प्रभारी ध्यानेन्द्र प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। 10 सितंबर को अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
पुलिस के अनुसार ठठिया थाना क्षेत्र के अलीपुर अहाना निवासी हुस्ना बेगम ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि हाईवे निर्माण में अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की रकम बैंक खाते से निकालने और जमा करने के लिए वह अंशू के यूनियन बैंक वीसी प्वाइंट पर जाती थीं। आरोप है कि अंशू ने उनके अंगूठे का क्लोन तैयार कर बैंक खाते में जमा 44.92 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए। इसके अलावा जमा करने के लिए दी गई रकम बैंक खाते में जमा न कर फर्जी रसीद देने और रकम अपने खाते में स्थानांतरित करने का भी आरोप लगाया गया।
मामले में साइबर क्राइम थाना कन्नौज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। पुलिस के मुताबिक 25 अगस्त को आरोपी अंशू को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया गया तथा महत्वपूर्ण बरामदगी भी की गई। प्रभावी पर्यवेक्षण और सराहनीय कार्य के लिए तत्कालीन साइबर थाना प्रभारी ध्यानेन्द्र प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। वर्तमान में वह कोतवाली गुरसहायगंज के प्रभारी निरीक्षक हैं। पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।







