संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)


साहित्यकारों ने जगदीश मित्तल ‘परमार्थी’ के योगदान को किया याद।
कन्नौजः राष्ट्रीय कवि संगम की कन्नौज इकाई की ओर से गुरुवार को शरत स्मृति भवन (संघ कार्यालय), हरिनगर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्व. जगदीश मित्तल ‘परमार्थी’ के साहित्यिक और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
वक्ताओं ने कहा कि जगदीश मित्तल ‘परमार्थी’ ने साहित्य को समाज और राष्ट्र से जोड़ने का कार्य किया। उनका जीवन त्याग, सेवा और साहित्य के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। राष्ट्रीय कवि संगम के माध्यम से उन्होंने देशभर के कवियों को एक मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभा में साहित्यकार उमाशंकर वर्मा ‘साहिल’, योगेश तिवारी, अभिनव मिश्रा, अनिल द्विवेदी ‘मनीषी’, शशांक शेखर त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष अरविंद बाजपेई, महासचिव कुमार विवेक और युवा कवि प्रशांत दीक्षित ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक राहुल, जिला प्रचारक धनंजय और नगर प्रचारक अभिषेक ने भी उपस्थित होकर स्व. मित्तल के समर्पित जीवन को नमन किया। भाजपा जिला महामंत्री एवं कवि आरएस कठेरिया, विश्व हिंदू परिषद के शैलेन्द्र त्रिपाठी तथा कन्हैयालाल सरस्वती विद्या मंदिर के आचार्य निशीत सैनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
स्व. जगदीश मित्तल ‘परमार्थी’ का तीन सितंबर 2026 को निधन हुआ था। सभा में उनके व्यक्तित्व और साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।









