मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद के अन्तर्गत जनपद अल्मोड़ा में स्वच्छता अभियान।
अल्मोड़ाः सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद अल्मोड़ा में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ का व्यापक स्तर पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की उपस्थिति में आयोजन किया गया। इस दौरान जिला कार्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई, अनावश्यक सामग्री एवं कूड़े का निस्तारण किया गया।
अभियान का उद्देश्य कार्यालय परिसरों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के साथ ही अधिकारी-कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।अभियान के तहत जिला कार्यालय सहित जनपद की समस्त तहसीलों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाते हुए श्रमदान किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यालयों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अभियान के अंतर्गत जिला कार्यालय के अभिलेख कक्षों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभिलेख कक्षों में निष्प्रयोज्य एवं अनावश्यक अभिलेखों के नियमानुसार निस्तारण के साथ ही साफ-सफाई एवं व्यवस्थितकरण का कार्य किया गया। इससे अभिलेख कक्षों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिली।
इसी क्रम में जनपद की समस्त तहसीलों में भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग करते हुए श्रमदान किया गया। कार्यालय परिसरों, अभिलेख कक्षों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को प्रतिबंधित करने तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने का संकल्प भी लिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक-मुक्त कार्यालय वातावरण बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। अभियान के सफल आयोजन से कार्यालय परिसरों में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिला।
जिला कार्यालय में आयोजित स्वच्छता अभियान में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।









