ब्यूरो कुमाऊं: दयानन्द कठैत
(नया अध्याय, कुमाऊं)
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में आर्यन छात्र संगठन ने रचा इतिहास, भास्कर गिरी गोस्वामी सचिव पद पर चुने गए निर्विरोध।
अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा परिसर में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए आज नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। नामांकन प्रक्रिया के दौरान आर्यन छात्र संगठन से भास्कर गिरी गोस्वामी ने सचिव पद के अपना नामांकन दाखिल किया। सचिव पद पर किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल न किए जाने के कारण के भास्कर गिरी गोस्वामी का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
आर्यन छात्र संगठन ने भास्कर गिरी गोस्वामी के निर्विरोध निर्वाचन को छात्र संगठन के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा है कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।
आर्यन संगठन के जिलाध्यक्ष उज्जवल जोशी ने कहा है कि भास्कर गिरी गोस्वामी का सचिव पद पर निर्विरोध चुना जाना संगठन के लिए काफी गर्व का विषय है। यह छात्रों के बीच संगठन की नीतियों और छात्रहित में किए जा रहे कार्यों के प्रति विश्वास को दर्शाता है।
छात्र नेता निशांत पाण्डे ने कहा कि भास्कर गिरी गोस्वामी का निर्विरोध निर्वाचन छात्रहितों के लिए उनकी सक्रियता और छात्रों के बीच उनकी स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ वे छात्रों की आवाज को मजबूती से विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
वहीं महासचिव विशाल सिंह बिष्ट ने भास्कर गिरी गोस्वामी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचन संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ का पद केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करने का माध्यम है।
इस अवसर पर भास्कर गिरी गोस्वामी ने सभी छात्र-छात्राओं, समर्थकों एवं संगठन के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे।







