सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
ऊखीमठ को मिली बैंक ऑफ इंडिया
शाखा की सौगात, विधिवत शुभारंभ।
बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों को दी
बैंकिंग सेवाओं की जानकारी।
ऊखीमठः नगर क्षेत्र ऊखीमठ को बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार के रूप में बड़ी सौगात मिली है। शुक्रवार को बैंक ऑफ इंडिया की ऊखीमठ शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया। नई शाखा खुलने से नगर क्षेत्र सहित आसपास के गांवों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने की उम्मीद है। इससे लोगों को बैंक संबंधी कार्यों के लिए अन्य स्थानों की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी तथा स्थानीय व्यापारियों, काश्तकारों और आम नागरिकों को आर्थिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिल सकेगी।
शाखा के शुभारंभ अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण, उद्योगपति खुशहाल नेगी और व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि व ग्राहक मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ऊखीमठ में बैंकिंग सुविधा के विस्तार को क्षेत्र की आवश्यकता से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैंक शाखा के उद्घाटन अवसर पर उप आंचलिक प्रबन्धक देहरादून आंचल भानु प्रताप नबियाल ने ग्राहकों को बैंक की विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक आफ इंडिया की स्थापना वर्ष 1906 में हुई थी तथा विदेशों में 27 शाखाएं खुल चुकी है जबकि पूरे भारत देश में 5321 शाखाएं तथा उत्तराखंड में 51 शाखाएं खुल चुकी है । वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मनोरथ राणा ने बैंकिंग कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और ग्राहकों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने लोगों से बैंक की सेवाओं का लाभ उठाने तथा बैंकिंग संबंधी जानकारी प्राप्त कर वित्तीय गतिविधियों को सुगम बनाने की अपील की।
नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि ऊखीमठ नगर क्षेत्र धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। यहां से केदारनाथ, मध्यमहेश्वर और तुंगनाथ धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा का शुभारंभ स्थानीय लोगों के साथ ही व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है कहा कि क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने और लोगों को सुलभ वित्तीय सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य कालीमठ संगीता नेगी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रबल सिंह राणा, विनोद रावत, प्रह्लाद राणा, महावीर सिंह नेगी, महावीर रावत, कर्मवीर बर्त्वाल, योगेन्द्र राणा, पूर्व सभासद बलवन्त रावत, राजेन्द्र धर्म्वाण, महानन्द रावत, रमेश नौटियाल, किशन बगवाड़ी, लक्ष्मण शुक्ला, प्रेम सिंह धर्म्वाण, विजय भारत, कर्मवीर रावण, अमित जुगरान, राजकुमार नेगी, सन्दीप फोनिया, अवनीश धर्म्वाण, श्रीमती अनीता नेगी सहित बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी, कर्मवीर व ग्राहक मौजूद थे।









