संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
मेडिकल कॉलेज में भर्ती होने के एक घंटे बाद लापता हुआ युवक, परिजनों ने जताई चिंता।
बेड पर मिला मोबाइल और आधार कार्ड, चाची ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर तलाश कराने की मांग की।
तिर्वा (कन्नौज): राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया 18 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों के अनुसार, युवक के बेड पर मोबाइल फोन और आधार कार्ड मिला, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। युवक की चाची ने कोतवाली तिर्वा में प्रार्थना पत्र देकर गुमशुदगी दर्ज करने और उसकी तलाश कराने की मांग की है।
कन्नौज थाना क्षेत्र के ग्राम बरौली निवासी सुनीता पत्नी भंवर पाल सिंह के अनुसार, उनका भतीजा संग्राम सिंह बचपन से उनके साथ रह रहा है। 28 अक्टूबर को उसे तेज बुखार आया था। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे परिजन उसे विनोद दीक्षित सामुदायिक चिकित्सालय कन्नौज लेकर पहुंचे। हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया। परिजन एंबुलेंस से उसे सुबह करीब 10 बजे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका ब्लड सैंपल लिया गया।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि संग्राम के चाचा को लैब में जाने के लिए कहा गया था। वहां से लौटने पर करीब 11 बजे संग्राम बेड पर नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन और आधार कार्ड वहीं रखे थे। परिजनों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन जानकारी नहीं मिल सकी।
सुनीता ने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि करीब 15 से 20 दिन पहले संग्राम का अब्दुलपुर गांव में सीताराम नामक व्यक्ति से विवाद हुआ था। हालांकि, युवक के लापता होने और पूर्व विवाद के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
परिजनों के मुताबिक, संग्राम ने घटना के समय मेहंदी रंग की शर्ट, नीली जींस और हवाई चप्पल पहन रखी थी। चाची ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर मेडिकल कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने और युवक का पता लगाने की मांग की है। मामले में पुलिस की कार्रवाई के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।






