सौजन्यः सुनील कुमार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
लोगों को जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार अपनाने, वित्तीय निर्णय लेने में लोगों को सक्षम बनाने महिलाओं को आर्थिक रुप से सशक्त बनाने के लिए साहेबगंज में नुक्कड़ नाटक।
मुजफ्फरपुरः दिनांक 3 नवम्बर 2026 मंगलवार को दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि. की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता एवं सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मकड़ी टोला (जगदीशपुर) दुर्गा चौक दरिया छपड़ा (विशुनपुरपट्टी) रजवाड़ा हलिमपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, बीमा एवं पेंशन योजनाओं, KYC अनुपालन तथा डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर ग्रामीणों को बताया गया कि अब पैक्स कार्यालयों के माध्यम से माइक्रो एटीएम सुविधा एवं अन्य बैंकिंग सेवाएं गांव के नजदीक उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को नकद निकासी, खाते में उपलब्ध शेष राशि की जानकारी तथा मिनी स्टेटमेंट जैसी सुविधाएं आसानी से प्राप्त हो सकेंगी और उन्हें इन सेवाओं के लिए दूर स्थित बैंक शाखाओं में जाने की आवश्यकता कम होगी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान श्री राजश्री इंटरप्राइजेज, फुलवारीशरीफ, पटना के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। टीम लीडर संजय कुमार यादव के साथ सुनील कुमार, महावीर साह एवं कृष्णा भगत ने गीत एवं अभिनय के माध्यम से वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, सतर्कता तथा सुरक्षित बैंकिंग के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में किसानों एवं ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत के महत्व, वित्तीय सुरक्षा तथा जागरूक ग्राहक की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि वित्तीय रूप से जागरूक नागरिक ही समृद्ध परिवार, सशक्त गांव एवं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि. के साहेबगंज शाखा प्रबंधक संजीव कुमार ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आर्थिक सुरक्षा के लिए उपयुक्त बीमा अवश्य कराना चाहिए। उन्होंने अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 18 से 40 वर्ष की आयु के पात्र व्यक्तियों के लिए नियमित अंशदान के आधार पर 60 वर्ष की आयु के बाद पेंशन प्राप्त करने की सुविधा के बारे में बताया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत दुर्घटना बीमा तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत जीवन बीमा का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। साथ ही, इन योजनाओं की पात्रता, प्रीमियम एवं बीमा लाभ की जानकारी देते हुए लोगों से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने की अपील की।
KYC अनुपालन एवं सुरक्षित बैंकिंग पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं बैंक ग्राहकों को KYC (Know Your Customer – अपने ग्राहक को जाने) की आवश्यकता एवं महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बैंक खाते में सही एवं अद्यतन ग्राहक जानकारी रखना सुरक्षित बैंकिंग का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्राहकों से अपील की गई कि वे बैंक के निर्देशानुसार अपना KYC अद्यतन कराएं तथा आवश्यकतानुसार पहचान एवं पते से संबंधित वैध दस्तावेज बैंक में जमा करें।
उन्हें समझाया गया कि KYC प्रक्रिया ग्राहकों की पहचान सत्यापित करने, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं वित्तीय अपराधों की रोकथाम में सहायता करने तथा बैंकिंग नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। साथ ही, ग्रामीणों को सलाह दी गई कि वे KYC अद्यतन कराने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते का विवरण, OTP, PIN अथवा पासवर्ड साझा न करें तथा इस कार्य के लिए केवल बैंक के अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें।
साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूकता
डिजिटल बैंकिंग एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें बताया गया कि अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी गोपनीय रखें, किसी अनजान व्यक्ति के साथ खाते का विवरण साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
फर्जी SMS एवं WhatsApp संदेशों से सावधान रहने तथा अपने UPI एवं बैंकिंग विवरण को गोपनीय रखने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, PIN अथवा पासवर्ड किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं, किसानों एवं ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि वित्तीय साक्षरता केवल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षित भविष्य, आर्थिक आत्मनिर्भरता और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है।
दि मुजफ्फरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि. का संकल्प है कि बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाकर प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सशक्त एवं वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए।
जन-जागरूकता का संदेश

“हम सबका यह अभियान है, वित्तीय साक्षरता का पैगाम है।”
बचत खाता खोले एक, बैंक की सेवाएं पाएं अनेक
मेहनत की कमाई को न गवाएं
बैंक में ही राशि जमा कराएँ







