प्रभारी सम्पादकः देवेन्द्र गौड़ श्रीनगर, गढ़वाल
नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
चार दशक की जनसेवा करने वाले पत्रकारों को अपने आशियाने की दरकार-श्रीनगर प्रेस क्लब के लिए भूमि और भवन निर्माण की मांग मुख्यमंत्री तक पहुंची।
श्रीनगर गढ़वाल: पहाड़ की जनसमस्याओं को आवाज देने वाले पत्रकारों को अब अपने संगठनात्मक कार्यों के लिए स्थायी ठिकाने की उम्मीद जगी है। श्रीनगर प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने और भवन निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग को लेकर भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर ठोस पहल की मांग उठाई है। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के पौड़ी जिलाध्यक्ष देवेंद्र गौड़ ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि श्रीनगर क्षेत्र के पत्रकार पिछले चार दशकों से नगर क्षेत्र के साथ ही दूरस्थ पर्वतीय गांवों की सामाजिक,आर्थिक,शैक्षिक एवं जनहित से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाते आ रहे हैं।पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से जनसरोकारों को आवाज देने और आमजन की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसके बावजूद श्रीनगर प्रेस क्लब के पास आज तक अपना स्थायी भवन और भूमि उपलब्ध नहीं है। इस अभाव में पत्रकारों को बैठकों, संगठनात्मक गतिविधियों,विचार-विमर्श और अन्य पत्रकारिता संबंधी कार्यों के संचालन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक केंद्र में पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब का अपना भवन होना समय की आवश्यकता है। देवेद्र गौड़ ने मुख्यमंत्री से मांग की कि श्रीनगर में प्रेस क्लब के लिए उपयुक्त स्थान पर भूमि आवंटित की जाए तथा भवन निर्माण के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग को धरातल पर उतारा जाए। इसके साथ ही उन्होंने तहसील स्तर पर लंबे समय से निष्पक्ष एवं सक्रिय पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों को नियमानुसार मान्यता प्रदान करने की मांग भी उठाई, ताकि उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में मिलने वाली सुविधाओं और अधिकारों का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री से मिला सकारात्मक आश्वासन ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई मांगों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर प्रेस क्लब के लिए भूमि उपलब्ध कराने और भवन निर्माण के संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्रीय पत्रकारों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित यह मांग अब साकार रूप ले सकेगी। स्थायी प्रेस क्लब भवन का निर्माण न केवल पत्रकारों को एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा, बल्कि जनहित के मुद्दों पर संवाद, विचार-विमर्श और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूती देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।








