प्रभारी सम्पादकः दिनेश शास्त्री।
मनसार का मेला – सीता सर्किट।
भगवती जुयाल गढदेशी”।
उत्तराखंडः को देवभूमि ऐसे ही नहीं कहा जाता है, यहां की भौगोलिक स्थिति हिमालयी क्षेत्र होने के नाते ऊंचे नीचे पहाड़ों के बीच रमणीक घने बुग्याल, चीड़ व देवदार के पेड़, उनके आगोश में बसे छोटे छोटे गांव अपनी विशिष्ट संस्कृति व सामाजिक ताने बाने को संजोए हुए प्रकृति प्रदत्त रमणीक स्थलों से सहसा ही शैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर जाते हैं, जहाँ एक ओर गंगा यमुना की पवित्र जलधारा मानव जाति के लिए वरदान है, वहीं तीर्थाटन की सौगात
चारधाम पंचप्रयाग, पंच बद्री पंच केदार आस्था के पुण्य तीर्थ हैं। जागेश्वर धाम, गोलज्यू देव, काशी विश्वनाथ मंदिर, त्रियुगीनारायण, कार्तिकेय स्वामी, सेम मुखेम, डांडा नागराज, माँ नन्दा देवी का थान, रघुनाथ जी, लक्षमण जी, सीता माता का मंदिर गंगा के तट पर, 11वीं सदी के पुरातन शैली के वास्तुशिल्प की अमर गाथा को अपने आप में संजोये हुए है।
उत्तराखंड देवताओं की व ऋषि मुनियों की तपस्थली भी रही है, पांडवों का स्वर्गारोहण सर्वविदित है।
ऐसा ही एक प्रसंग आपके संज्ञान में लाना जरूरी हो जाता है जिसे शायद ही कोई जानता हो, पौड़ी शहर से करीबन 18 से 20 किमी दूर सितोनस्यू पट्टी में कोट ब्लाक के नजदीक फलस्वाड़ी नामक एक।
गांव है। मान्यता है कि भूमिजा कहलाने वाली माता सीताजी ने इसी स्थान पर।
भू समाधि ली थी। 11वीं सदी में निर्मित लक्ष्मण जी के मंदिर जो कि देवल गांव में स्थित आज गवाही देते हुए नजर आता है। दूसरी ओर कोटसाड़ा गांव की सरहद में महर्षि बाल्मीकि जी का पुरातन मंदिर भी है जो सीता सर्किट के नाम से भविष्य में जाना जायेगा, यहां पर पारंपरिक रूप आयोजित होने वाला भव्य, दिव्य और अलौकिक स्मृतियों को संजोये हुए मनसार का मेला आध्यात्मिक दृष्टि से लोक में प्रसिद्ध है। यह एकमात्र ऐसा मेला है जहां भगवान महर्षि बाल्मीकि, शेषावतार लक्ष्मण जी व जगत जननी भूमिजा सीता माता को समर्पित है। यहां भूमिजा के केशों की पूजा अर्चना कर प्रसाद स्वरूप ग्रहण करने की प्रथा प्रचलित है। किवदंती है कि जब श्री राम जी द्वारा अग्नि परीक्षा का समय आया तो भूमि से उत्पन्न भूमिजा ने पृथ्वी माँ से विनती की कि हे मां! मैं अपनी पवित्रता की कितनी परीक्षा दूं? बहुत हो चुका मुझे अपनी गोद में शरण दे दे। तभी भीषण गर्जना होती है और यकायक धरती फट जाती है धरती मां अपने आंचल में सीता को पनाह दे अपने में समा लेती है। कहते हैं कि यह दृश्य बहुत ही कारुणिक, हृदय विदारक था। ऐसे में श्री राम जी ने उनकी जटा को पकड़कर रोकने का प्रयास तो किया लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था, आज भी यहां सीता माता के केशों के प्रतीक रूप में पहा़ड़ी घास बबूल की चुटिया को निमित्त माना गया है।








