संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश।
कन्नौज: पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, मारपीट तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों को मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शी ढंग से किया जाए, जिससे लोगों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाएगी।







