ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
जिलाधिकारी ने किया राजकीय बालगृह, महिला कल्याण-पुनर्वास केन्द्र का निरीक्षण।
अल्मोड़ाः जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने आज बख अल्मोड़ा में स्थित राजकीय शिशु बालगृह, राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र तथा बाल किशोरी गृह का निरीक्षण किया।इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इन संस्थाओं के बारे में विभिन्न जानकारियां प्राप्त की। उन्होंने यहां रह रहे बच्चों से बात की तथा उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने बच्चों एवं किशोरियों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर, आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बच्चों ने जिलाधिकारी से गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी के शिक्षकों की मांग की।जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल मौके पर ही मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना अथवा खनन न्यास से यहां विज्ञान, गणित व अंग्रेजी विषयों के शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। जिससे बच्चों की इन विषयों पर अच्छी समझ विकसित हो सके।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने यहां भोजनालय, डायनिंग हॉल, टॉयलेट, डोरमेट्री आदि में साफ सफाई को परखा। उन्होंने कहा कि बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं में कटौती बिल्कुल न की जाए। बच्चों की पढ़ाई लिखाई पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उनमें साफ सफाई की आदतों एवं अन्य केरीकुलम को पढ़ाया जाए।
इस अवसर पर वहां मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरसी पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना, जिला प्रोबेशन अधिकारी कल्पना मनराल, अधीक्षिका किशोरी गृह मंजू उपाध्याय, अभिलाषा तिवारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।








