डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या,उ.प्र.।
दोहे
साहस-बुद्धि-विवेक से, बनते बिगड़े काम।
ये ही तीनों व्यक्ति का, करते जग में नाम।।
परहित होता है जहाँ, वहीं देव का वास।
परहित की शुचि सोच से, बढ़े प्रेम-विश्वास।।
कभी न जाना मित्र तुम, तरु बबूल की छाँव।
छाया को हम क्या कहें, काँट धँसेगा पाँव।।
संत-वचन चंदन लगे, वचन कठोर असंत।
मधु-कंठी कोयल दिखे, जब जग रहे वसंत।।
उपवन-शोभा पुष्प हैं, नर-शोभा मधु बोल।
मधुर बोल से सुख मिले, ज्यों अमृत का घोल।।
नहीं प्रेम जिस हिय बसे, होता वह पाषाण।
प्रेम-विहीन समाज का, कभी न हो कल्याण।
वन-उपवन, गिरि-सरित सब, हैं जीवन-आधार।
इन्हें बचाकर ही सदा, सुखी रहे संसार।।







