प्रभारी सम्पादक नया अध्याय (म. प्र.): राजेन्द्र सिंह जादौन।
दुख में सुख की सरकारी योजना -हैप्पीनेस विभाग ?
सरकार जब जनता की परेशानी हल नहीं कर पाती तो अक्सर कोई नया जुमला खोज लेती है। कुछ ऐसा ही मध्यप्रदेश में हुआ जब जनता महंगाई, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त थी। तब सरकार ने कहा चलो, जनता को कम से कम खुश तो रखा जाए। और इसी सोच से जन्म हुआ एक अनोखे विभाग का, जिसका नाम रखा गया “हैप्पीनेस विभाग।” नाम सुनकर ही ऐसा लगा जैसे अब दुख भी सरकारी नियंत्रण में आने वाले हैं। विभाग का उद्देश्य था जनता को खुश रखना, लेकिन शुरू होते ही अफसरों के चेहरे खिल उठे। जनता को तो आज तक पता नहीं चला कि खुशी बाँटी कहाँ जा रही है।
इस विभाग की पहली बैठक में बड़े-बड़े अधिकारी बैठे और गंभीर चेहरे बनाकर चर्चा की कि जनता को खुश कैसे किया जाए। किसी ने सुझाव दिया हर मोहल्ले में ‘आनंद सभा’ बनाई जाए। दूसरे ने कहा हर गाँव में ‘आनंद ग्राम’ बने। तीसरे ने तो सुझाव दे डाला कि हर गली में ‘मुस्कान मंडल’ खोल दिया जाए जहाँ लोग जाकर मुस्कुरा सकें। बैठक खत्म हुई, फाइलें बनीं, फोटो खिंची, और प्रेस विज्ञप्ति निकली “प्रदेश अब होगा सबसे ज्यादा खुशहाल।” जनता ने अखबार पढ़ा और सोचा, “हमसे तो कोई पूछे कि खुश कैसे रहना है।”
फिर शुरू हुआ विभाग का सबसे बड़ा अभियान ‘खुशी सर्वे’। आईआईटी से करार हुआ कि जनता की खुशियों का स्तर मापा जाएगा। अफसरों ने गाँव-गाँव जाकर सवाल पूछे “क्या आप खुश हैं?” जनता बोली “नहीं साहब, पानी नहीं आता, बिजली जाती रहती है, नौकरी नहीं मिल रही।” अफसर ने मुस्कुराकर कहा – “ठीक है, लेकिन मन से खुश रहिए।” और फॉर्म में टिक लगा दिया “संतोषजनक।” कुछ साल बाद जब रिपोर्ट बनी तो उसमें लिखा गया “प्रदेश की जनता पहले से ज्यादा खुश है।” रिपोर्ट देखकर अफसर और खुश हुए, क्योंकि जनता के दुख का बोझ अब आंकड़ों में दब गया था।
इस बीच विभाग ने स्कूलों में ‘खुशी विषय’ शुरू किया। बच्चों को सिखाया गया मुस्कुराना ज़रूरी है। एक मास्टर ने बच्चों से कहा “अगर भूख लगी है तो मन से खुश रहो, क्योंकि खुशी पेट से नहीं, मन से आती है।” बच्चे समझ नहीं पाए कि खाली पेट मन कहाँ से खुश होगा, लेकिन विभाग ने रिपोर्ट भेज दी कि “बच्चों ने खुशी का अर्थ समझ लिया।” इसी दौरान शहरों में “आनंद उत्सव” भी मनाया गया, जहाँ अफसर मंच पर बोले “दुख में सुख तलाशना ही जीवन है।” नीचे बैठी जनता सोचती रही “पहले सुख दो, फिर हम दुख में ढूँढ लेंगे।”
समय बीतता गया। विभाग के पास न जनता की खुशी मापने का कोई पैमाना था, न जनता से कोई लेना देना। पर अफसरों की मुस्कान हर दिन चौड़ी होती गई। कारण साफ था हर हफ्ते कोई न कोई नई मीटिंग, नया प्रोजेक्ट, नई रिपोर्ट। टूर के नाम पर भ्रमण, बैठक के नाम पर भोज, और खुशी के नाम पर बजट। जनता को खुशी न मिली, लेकिन विभाग के अफसरों की तनख्वाह जरूर बढ़ गई। अब जनता दुखी थी कि उनकी तकलीफ़ों का कोई हल नहीं, और अधिकारी खुश थे कि उनका काम अब दुख नहीं, केवल खुशी मापना रह गया है।
पत्रकारों ने पूछा “विभाग की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या रही?” एक अफसर बोला “हमने जनता को इतना खुश कर दिया कि अब कोई शिकायत ही नहीं करता।” पत्रकार ने फिर पूछा “पर महंगाई, बेरोज़गारी और किसान आत्महत्याएँ?” अफसर मुस्कुराया “वो सब आनंद ग्राम में हल हो रही हैं।” पत्रकार ने पूछा “आनंद ग्राम कहाँ है?” अफसर बोला “फाइल में।” यही था विभाग का असली चमत्कार हर समस्या का समाधान अब फाइल में था, जमीन पर नहीं।
पाँच साल बाद जब समीक्षा हुई तो रिपोर्ट में लिखा था “प्रदेश का हैप्पीनेस इंडेक्स बेहतर हुआ है।” जबकि उसी साल सूखे से किसान मर रहे थे, अस्पतालों में दवाएँ खत्म थीं, बेरोज़गारों की कतारें बढ़ रही थीं। लेकिन विभाग की नजर में सब कुछ ठीक था क्योंकि सब कागज़ पर खुश थे। अब सरकार के लिए यह विभाग आत्मा का संतोष बन चुका था। जनता अगर दुखी थी तो उसे यही समझाया जाता “खुशी मन की स्थिति है, सरकार की नहीं।”
आज स्थिति यह है कि जनता की खुशियाँ कहीं गुम हो गई हैं, लेकिन हैप्पीनेस विभाग अब भी चालू है। हर साल उसका बजट बढ़ता है, नई समितियाँ बनती हैं, नए सेमिनार होते हैं। अब विभाग का असली मकसद जनता को नहीं, खुद को खुश रखना है। हर रिपोर्ट में यही लिखा जाता है कि “जनता अब मुस्कुराने लगी है,” जबकि असल में जनता अब हँस नहीं सकती। उसके पास न वक्त है, न वजह। पर सरकार को यह भ्रम बना रहना चाहिए कि लोग खुश हैं, इसलिए यह विभाग जिंदा है।
जनता आज भी कहती है “हम हैप्पी नहीं हैं।” लेकिन अधिकारी कहते हैं “हम तो हैं।” यही तो है सरकारी खुशी का राज जनता का दुख विभाग की उपलब्धि बन चुका है। अगर कोई पूछे कि हैप्पीनेस विभाग ने क्या दिया, तो जवाब यही होगा जनता को सब्र और अफसरों को सुकून। क्योंकि इस देश में अब खुशियाँ भी सरकारी ठेके पर हैं, और दुख का कोई सुनवाई केंद्र नहीं। अब दुख जताने जाओ तो कहा जाता है “हैप्पी रहो भाई, विभाग बना ही तुम्हारे लिए है।”







