उत्तरकाशीः चारधाम में प्रमुख गंगोत्री धाम के कपाट बुधवार को अन्नकूट पर्व पर विधिवत पूजा अर्चना के साथ अभिजीत मुहूर्त में बंद कर दिए गए। इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवासस्थल मुखवा (मुखीमठ) के लिए रवाना हो गयी। डोली गुरुवार को मुखवा पहुंचेगी, जहां पर श्रद्धालु आगामी छह माह तक मां गंगा के दर्शन व पूजन कर सकेंगे।
बुधवार को गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने की तैयारी सुबह 8:30 पर शुरू हुई। सर्व प्रथम उदय बेला पर मां गंगा के मुकुट को उतारा गया। इस बीच श्रद्धालुओं ने मां गंगा की भोग मूर्ति के दर्शन किए। इसके बाद अमृत बेला, स्वाति नक्षत्र प्रीतियोग शुभ लग्न पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने विशेष पूजा व गंगा लहरी का पाठ किया।
जहां आगामी छह माह तक मां गंगा की विधिवत पूजा अर्चना की जाएगी। इस मौके पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, राजेश सेमवाल, पवन सेमवाल, सुधांशु, उप जिलाधिकारी शालिनी नेगी, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, कोतवाल भावना कैंथोला सहित तीर्थ पुरोहित एवं देश-विदेश के सैंकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।







