डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या।
(नया अध्याय, देहरादून)
मुक्तक
रचना इस संसार की, अति विचित्र है मीत।
सिंधु-सरित, गिरि-विपिन सँग, जीवन का संगीत।।
निशा – दिवस सँग चंद्र – रवि, देते इसे प्रवाह।
अंतकाल पुनि अवनि से, जाता प्राण अभीत।।
वायु- नीर, फल -अन्न से,पोषित यह संसार।
अंतसमय में जीव को, देता है दुत्कार।।
नहीं पता किस लोक में, होता जीवन-लोप?
है रहस्य अज्ञात यह, इसका आर न पार।।
अबुझ पहेली प्राण की, अग्नि-वायु वा नीर।
तजते तन को ही पता, कितनी मिलती पीर??
साधु-संत, ज्ञानी-यती, कहते बारंबार।
प्राण-निःसरण कष्टप्रद,जाने मात्र शरीर।।







