सुश्री सरोज कंसारी
मानवीय संवेदनाओं से ओत-प्रोत
कवयित्री, लेखिका एवं अध्यापिका
समाज-सेविका, नवापारा-राजिम
रायपुर, छत्तीसगढ़।
(नया अध्याय, देहरादून)
“प्रत्येक क्षण को पूर्ण जागरूकता के साथ जिएं और इन बीतते हुए पलों को आत्मिक प्रेम से संजोकर रखें।” – सुश्री सरोज कंसारी।
—————————————-
“यदि हर क्षण जागरूकता के साथ जिएं, तो जीवन में कभी बिखराव नहीं आएगा।” जीवन की पटकथा हर व्यक्ति के लिए भिन्न है। यहाँ कोई खुशियों के उत्सव मना रहा है, तो कोई संघर्षों का विष पी रहा है, किंतु सत्य यही है कि हर कोई अपने हिस्से की नियति जी रहा है। जीवन का अगला मोड़ क्या संदेश लाएगा, यह अनिश्चित है। इसलिए, जो क्षण अभी आपके पास हैं, उन्हें अपनी शर्तों पर जीने का संकल्प लें। इन गुज़रते हुए लम्हों को पूरी आत्मीयता से गले लगाएँ। समस्याओं का सिलसिला तो जीवनपर्यंत बना रहेगा और जन्म-मृत्यु का चक्र भी अटल है। किंतु, हमारा दृष्टिकोण हमारे हाथ में है। अपने जीवन को अफ़सोस की भेंट न चढ़ाएं, बल्कि जो प्राप्त है, उसमें सौंदर्य खोजने की दृष्टि विकसित करें। अविरल याद रखें, जीवन में निश्छल प्रेम, निस्वार्थ सहयोग और मन की संतुष्टि से अमूल्य कुछ भी नहीं है। यदि ढलती रात के बाद आपको एक नया सवेरा मिला है, तो यह ईश्वर का दिया हुआ सबसे बड़ा उपहार है। इस उपहार का सम्मान करें और मुस्कुराहट के साथ आगे बढ़ें। “जीवन एक निरंतर सफर है, जिसकी अंतिम परिणति मृत्यु है, मंजिल नहीं। आत्म-सुधार की शुरुआत अपनी त्रुटियों को स्वीकार करने से होती है। यदि मन संदेह से घिरा हो, तो जीवन कभी आनंदित नहीं हो सकता। अपनी कल्पनाओं में खो जाना सरल है—और कल्पना शक्ति हमारी सबसे बड़ी शक्ति भी है—किंतु अपनी वास्तविकता को स्वीकार करना ही सबसे कठिन साहस है। परिणाम हमारे हाथ में नहीं, लेकिन अपनी पूरी क्षमता से प्रयास करना हमारे हाथ में है। कर्म और व्यवहार की शुचिता से ही जीवन बेहतर बनता है। खुशियाँ हमारे इर्द-गिर्द बिखरी पड़ी हैं, बस उन्हें महसूस करने वाली दृष्टि चाहिए। जब हम दूसरों जैसा बनने की होड़ में शामिल होते हैं, तो हम कुंठा का शिकार होकर अपना वास्तविक सामर्थ्य भूल जाते हैं। अपनी मेहनत से अर्जित अंश पर ही अधिकार रखें, दूसरों से मांगकर या छीनकर जीने की प्रवृत्ति आत्मविश्वास को नष्ट कर देती है।
अपने सपनों को हकीकत में बदलने का प्रयास करें। जीवन के उतार-चढ़ाव में सफलता, असफलता, शोक और घृणा जैसे भाव आएंगे, किंतु सहज बने रहना अनिवार्य है। किसी भी नकारात्मकता को स्वयं पर हावी न होने दें। समय परिवर्तनशील है, इसलिए मुश्किलें सदा नहीं रहेंगी। इस संसार की विविधता के साथ सामंजस्य बिठाएं और मन से यह हीन भावना निकाल दें कि आप कमजोर हैं। जो आपके पास है, वही आपके लिए सबसे अनमोल है।
मन में अनंत इच्छाएँ जन्म लेती हैं, पर ध्यान केवल अनिवार्य पर केंद्रित करें। जो नहीं मिल सका, उसका शोक मनाने के बजाय आगे बढ़ें; संभव है कि भविष्य में उससे कहीं श्रेष्ठ आपकी प्रतीक्षा कर रहा हो। निराशा का त्याग करें और आत्मविश्वास को अपना संबल बनाकर निरंतर चलते रहें। अपने बहुमूल्य समय को विलाप और आंसुओं में व्यर्थ न गंवाएं; बस निरंतर मुस्कुराने की एक वजह खोजते रहें। आज की इस भीड़भाड़ वाली दुनिया में स्वार्थी षड्यंत्र और चालाकियाँ प्रत्येक कदम पर मिलेंगी, किंतु इन सबके बीच स्वयं के अस्तित्व और गरिमा को सुरक्षित रखना आपकी जिम्मेदारी है। मार्ग से विचलित न हों, जहाँ मन को असीम सुकून मिले, वहीं ठहरकर अपनी शक्ति संचित कीजिये…विधाता की लीला बड़ी विचित्र है; किसके हिस्से में कब क्या आएगा, यह कोई नहीं जानता। यहाँ क्षण भर में भाग्य पलट जाता है, क्योंकि जीवन की गति सदा एक समान नहीं रहती। अतः उम्मीद के सूर्य और अडिग विश्वास के संबल से अपने सपनों की ओर निरंतर बढ़ते चलें। अपने मन में सदैव सकारात्मक विचार रखें और अपनी मानसिकता को ताज़ा व स्वस्थ बनाए रखें। डर और संकोच की बेड़ियों को तोड़कर बाहर निकलें और जीवन की हर बाधा व मन के हजारों सवालों का निडर होकर सामना करें। स्वयं का आकलन करने का साहस रखें—यह जानने की क्षमता विकसित करें कि “हम कहाँ गलत हैं?” दिखावे की चमक से दूर रहकर हकीकत को अपनाएँ और आप जैसे भी हैं, खुद को उसी रूप में स्वीकार करें। कौन कितना आगे बढ़ गया है, इसकी तुलना में अपना समय व्यर्थ न करें। खुद को कभी किसी से कम न आँकें; बल्कि स्वयं से यह कहें कि “मैं किसी से पीछे नहीं हूँ।” संभव है कि आप किसी ऊँचे पद तक न पहुँचें, लेकिन सच्चाई, अच्छाई व ईमानदारी के साथ जीना ही मानवता की असली पहचान है और यही श्रेष्ठ जीवन का परिचायक है। साहस मनुष्य की सबसे बड़ी शक्ति है। जीवन का हर कदम चुनौतीपूर्ण है, इसलिए अपनी पूरी मेहनत, लगन और सक्रियता के साथ कर्म करते रहें। अपने प्रयासों में कमी न आने दें, बाकी सब समय और नियति पर छोड़ दें। याद रखें, एक दृढ़ व्यक्तित्व ही इतिहास रचता है। सबका हो कल्याण। मानवता सर्वोपरि। साधुवाद!
नारी शक्ति, अस्मिता की एक सशक्त प्रतीक,
सादर!







