संवाददाता कानड़ः गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
नगर में जल प्रदाय व्यवस्था सुधार हेतु पाइपलाइन लीकेज दुरुस्ती व सफाई कार्य जारी।
आगर मालवा: नगर में जल प्रदाय व्यवस्था को बेहतर एवं सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नगरपालिका द्वारा निरंतर पाइपलाइन लीकेज दुरुस्ती कार्य कराया जा रहा है।
साथ ही नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल प्रदाय प्रणाली से जुड़े सभी घटकों की नियमित निगरानी की जा रही है।
नगर पालिका द्वारा समय-समय पर सम्पवेल, ओवरहेड टैंक एवं समस्त जल भंडारण स्रोतों की साफ-सफाई कराई जाती है। वर्तमान में शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप अनुभवी टीम के माध्यम से जल भंडारण स्रोतों की आंतरिक सफाई का कार्य भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्र अंतर्गत सभी वार्डों में प्रातःकालीन भ्रमण कर दल गठित किए गए हैं, जो जल प्रदाय से संबंधित दुरुस्ती कार्य एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं।
नगरपालिका द्वारा नागरिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए दूषित जल प्रदाय से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु हेल्पलाइन नंबर 9425034051 एवं 9009008951 जारी किए गए हैं। इन हेल्पलाइन नंबरों पर प्राप्त शिकायतों का 48 घंटे के भीतर समाधान किया जाएगा।
नगरपालिका ने नागरिकों से अपील की है कि जल प्रदाय से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल हेल्पलाइन पर दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।







