सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
ऊखीमठः जनवरी माह के प्रथम सप्ताह गुजर जाने के बाद भी मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश न होने तथा हिमालय धीरे- धीरे बर्फ विहीन होने से पर्यावरणविद खासे चिन्तित है। जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालय धीरे- धीरे बर्फ विहीन होना भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। मौसम के अनुकूल बर्फबारी न होने से स्थानीय पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है। जनवरी माह में बर्फबारी के बाद सैलानियो से गुलजार रहने वाली तुंगनाथ घाटी पर्यटकों के अभाव में वीरान है। केदार घाटी के निचले भूभाग में विगत चार माह से बारीश न होने से काश्तकारों की फसलें खासी प्रभावित हो गयी है तथा काश्तकारों के सन्मुख आजीविका का संकट बनता जा रहा है। दशकों पूर्व दिसम्बर से लेकर मार्च महीने तक बर्फबारी से लदक रहने वाले सीमान्त गांवों के खेत – खलिहानो में धूल उड़ना आम बात हो गयी है। मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश न होने से प्रकृति में भी रूखापन महसूस होने लगा है। मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश न होने से प्राकृतिक जल स्रोतों के जल स्तर पर भारी गिरावट आने के कारण इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में मार्च महीने से ही पेयजल संकट गहरा सकता है। बता दे कि जलवायु परिवर्तन व प्रकृति के साथ मानवीय हस्तक्षेप होने के कारण जनवरी माह के प्रथम सप्ताह गुजर जाने के बाद भी मौसम के अनुकूल बर्फबारी न होने से हिमालय बर्फ विहीन होता जा रहा है। कुछ दिनो पूर्व हिमालयी भूभाग सहित केदारनाथ धाम में हल्की बर्फबारी तो हुई थी मगर मौसम के अचानक करवट लेने पर्यावरणविद खासे चिन्तित है। एक रिपोर्ट के अनुसार जलवायु परिवर्तन व बुग्यालों में मानवीय आवागमन के कारण प्रति वर्ष ग्लोबल वार्मिंग की समस्या बढ़ने से हिमालयी भूभाग में ग्लेशियर लगातार पिघलने के कारण हिमालय बर्फ विहीन होता जा रहा है। नवम्बर माह से लेकर अप्रैल माह तक बर्फबारी से लदक रहने वाला हिमालय बर्फ विहीन होने से पर्यावरणविद खासे चिन्तित है। एक शोध में पता चला है कि बढ़ते प्रदूषण व बुग्यालों में मानवीय आवागमन पर अंकुश नहीं लगा तो भविष्य में परिणाम घातक हो सकते हैं तथा मन्दाकिनी सहित सहायक नदियों व प्राकृतिक जल स्रोतो के जल स्तर पर भारी गिरावट आने से मानव के सन्मुख बूंद – बूंद पानी का संकट बन सकता है। व्यापार संघ चोपता अध्यक्ष भूपेन्द्र मैठाणी ने बताया कि जनवरी महीने के प्रथम सप्ताह गुजर जाने के बाद भी तुंगनाथ घाटी में मौसम के अनुकूल बर्फबारी न होने से तुंगनाथ घाटी का पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है तथा स्थानीय व्यापारियों को भविष्य की चिन्ता सताने लगी है। बद्री केदार मन्दिर समिति सदस्य श्रीनिवास पोस्ती ने बताया कि दशकों पूर्व जनवरी माह में हिमालय सहित केदार घाटी के सीमान्त गांव बर्फबारी से आच्छादित रहते थे मगर जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालय सहित सीमान्त क्षेत्र बर्फ विहीन होता जा रहा है। मदमहेश्वर घाटी गैड बष्टी के प्रगतिशील काश्तकार बलवीर राणा ने बताया कि जनवरी माह के प्रथम सप्ताह गुजर जाने के बाद भी मौसम के अनुकूल बारिश न होने से काश्तकारो की गेंहू, जौ, सरसों, मटर की फसले समाप्त की कंगार पर है। जल संस्थान के अवर अभियन्ता बीरेन्द्र भण्डारी ने बताया कि मौसम के अनुकूल बर्फबारी व बारिश न होने से प्राकृतिक जल स्रोतों के जल स्तर पर अभी से भारी गिरावट आने लगी है परिणाम स्वरूप इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में मार्च महीने में ही पेयजल संकट गहराने की प्रबल सम्भावना बनी हुई है।








